भंडार कार्यालय में राजभाषा सप्ताह का समापन, 15 विजेता प्रतिभागियों को किया सम्मानित

भंडार कार्यालय में राजभाषा सप्ताह का समापन, 15 विजेता प्रतिभागियों को किया सम्मानित

हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए रेल कर्मचारियों को किया सम्मानित

अजमेर। भंडार कार्यालय में 29 अक्टूबर 2026 को राजभाषा सप्ताह का समापन समारोह उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। इस अवसर पर राजकीय कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को बढ़ावा देने के साथ ही सप्ताह के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों और कर्मचारियों ने हिंदी को दैनिक कामकाज का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

समारोह के मुख्य अतिथि उप मुख्य सामग्री प्रबंधक हेमराज मीणा रहे। उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले भंडार कार्यालय के 15 विजेता प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र और नकद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कर्मचारियों को कार्यालयीन कार्यों में राजभाषा हिंदी का अधिक से अधिक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में साहित्यिक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। वरिष्ठ अनुवादक प्रदीप कुमार ने राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की ओजस्वी कविताओं का सस्वर पाठ किया। उनकी प्रस्तुति ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों में उत्साह का संचार किया।

इसके बाद मुख्य कार्यालय अधीक्षक (लोको) सुनील कायथ और तकनीशियन (कैरिज) रैना शर्मा ने हिंदी भजनों और गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। सांस्कृतिक कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

समारोह के अंत में सहायक सामग्री प्रबंधक शिवाकांत शुक्ला और आकाश भारद्वाज ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। राजभाषा सप्ताह के माध्यम से हिंदी के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सरकारी कामकाज में इसके प्रभावी प्रयोग को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।