कासगंज स्टेशन पर पुल निर्माण के चलते 4 दिन रेल संचालन प्रभावित, कई ट्रेनों के समय में बदलाव

कासगंज स्टेशन पर पुल निर्माण के चलते 4 दिन रेल संचालन प्रभावित, कई ट्रेनों के समय में बदलाव

28 और 29 अक्टूबर के साथ 1 व 4 नवंबर को लिया जाएगा ब्लॉक, कुछ ट्रेनें बीच रास्ते से लौटेंगी

बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल के कासगंज रेलवे स्टेशन पर पैदल उपरिगामी पुल (एफओबी) के निर्माण कार्य के चलते 4 दिन रेल परिचालन प्रभावित रहेगा। रेलवे स्टेशन पर 12 मीटर लंबे पैदल पुल के गर्डर लॉन्चिंग कार्य के लिए 28 अक्टूबर, 29 अक्टूबर, 1 नवंबर और 4 नवंबर 2026 को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक प्रतिदिन 3 घंटे का ब्लॉक लिया जाएगा। इसके चलते कई ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है, जबकि कुछ गाड़ियों का संचालन आंशिक रूप से निरस्त रहेगा।

रेलवे प्रशासन के अनुसार, गाड़ी संख्या 55335 कासगंज-मथुरा जंक्शन सवारी गाड़ी निर्धारित तिथियों पर कासगंज से 140 मिनट की देरी से रवाना होगी। वहीं, गाड़ी संख्या 15038 कासगंज-कानपुर अनवरगंज एक्सप्रेस को कासगंज से 20 मिनट पुनर्निर्धारित समय पर संचालित किया जाएगा।

इन ट्रेनों का संचालन रहेगा प्रभावित

गाड़ी संख्या 55328 बरेली सिटी-कासगंज जंक्शन सवारी गाड़ी 28 और 29 अक्टूबर तथा 1 और 4 नवंबर को कासगंज सिटी स्टेशन पर ही समाप्त कर दी जाएगी। यह ट्रेन कासगंज सिटी से कासगंज जंक्शन के बीच निरस्त रहेगी।

इसी तरह गाड़ी संख्या 55338 बरेली टाउन-कासगंज जंक्शन सवारी गाड़ी निर्धारित तिथियों पर मारहरा स्टेशन पर ही समाप्त कर दी जाएगी। यह ट्रेन मारहरा से कासगंज जंक्शन के बीच नहीं चलेगी।

वहीं, गाड़ी संख्या 55327 कासगंज जंक्शन-बरेली सिटी सवारी गाड़ी कासगंज सिटी स्टेशन से रवाना की जाएगी। यह ट्रेन कासगंज जंक्शन से कासगंज सिटी के बीच निरस्त रहेगी।

यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति जांचने की अपील

रेलवे प्रशासन ने बताया कि पैदल उपरिगामी पुल के गर्डर लॉन्चिंग का कार्य यात्रियों की सुविधा और रेल परिचालन को बेहतर बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले अपनी संबंधित ट्रेन के समय और संचालन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।