हरदोई के मल्लावां में कांग्रेस के तीन युवा कार्यकर्ताओं से मारपीट का आरोप, विधायक कार्यालय में बंधक बनाने का दावा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष विक्रम पांडेय ने पुलिस को दिया शिकायती पत्र

हरदोई। मल्लावां क्षेत्र में कांग्रेस के तीन युवा कार्यकर्ताओं को कथित तौर पर जबरन पकड़कर मारपीट करने, बंधक बनाने और मोबाइल फोन छीनने का मामला सामने आया है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष विक्रम पांडेय ने कोतवाली मल्लावां में शिकायती पत्र देकर एफआईआर दर्ज करने और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। हालांकि, मामले में पुलिस का पक्ष सामने नहीं आया है।
शिकायत के मुताबिक, निर्वाचन आयोग के मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के तहत कांग्रेस ने पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराने और जागरूकता के लिए न्याय पंचायत स्तर पर प्रभारियों की नियुक्ति की है। इसी क्रम में बिलग्राम विधानसभा क्षेत्र के मल्लावां ब्लॉक में कार्य कर रहे आशीष यादव, शोभित मिश्रा और विनय दीक्षित को कथित रूप से कुछ लोगों ने असलहे के बल पर पकड़ लिया।
आरोप है कि तीनों युवाओं के साथ करीब चार से पांच घंटे तक मारपीट और दुर्व्यवहार किया गया। उनका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया और उन्हें भाजपा विधायक के कार्यालय में बंद रखा गया। बाद में करीब चार बजे उन्हें कोतवाली मल्लावां लाया गया, जहां भी उत्पीड़न किए जाने का आरोप लगाया गया है।
शिकायत में अभय कुमार, रानू, शैलेंद्र सिंह, यश और अन्य अज्ञात लोगों के नाम शामिल किए गए हैं। विक्रम पांडेय ने पुलिस से पीड़ितों का मेडिकल परीक्षण कराने, संबंधित कार्यालय और कोतवाली के सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने तथा मोबाइल लोकेशन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच कराने की मांग की है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की अपील की है।