बारिश और ठंडी हवाओं के बीच मां वैष्णो देवी की यात्रा जारी, श्रद्धालुओं की सुरक्षा में जुटा प्रशासन

कटड़ा। मौसम में बदलाव और ठंडी हवाओं के बीच मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का उत्साह बरकरार है। शुक्रवार शाम को मौसम ने अचानक करवट ली, जिसके बाद कटड़ा और त्रिकूट पर्वत क्षेत्र में ठंडी हवाओं के साथ हल्की बारिश हुई। इसके बावजूद श्रद्धालु माता के जयकारे लगाते हुए भवन की ओर बढ़ते रहे। प्रशासन और सुरक्षा बलों की सतर्कता से यात्रा को सुरक्षित एवं सुचारू बनाए रखने के प्रयास जारी रहे।

रात के समय बारिश और गरज-चमक के कारण यात्रा मार्ग पर कुछ श्रद्धालु निर्धारित आश्रय स्थलों पर रुककर मौसम सामान्य होने का इंतजार करते नजर आए। बारिश धीमी पड़ने के बाद श्रद्धालुओं ने फिर से अपनी यात्रा शुरू कर दी। यात्रा मार्ग पर आपदा प्रबंधन दल, पुलिस, सीआरपीएफ और प्रशासन के अधिकारी व जवान लगातार तैनात रहे, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

शनिवार सुबह मौसम में कुछ सुधार हुआ। हालांकि, त्रिकूट पर्वत पर बादलों की आवाजाही और ठंडी हवाओं का सिलसिला जारी रहा। मौसम को देखते हुए श्रद्धालु गर्म कपड़ों के साथ माता के दर्शन के लिए रवाना होते रहे।

हेलीकॉप्टर सेवा कुछ समय प्रभावित, अन्य सुविधाएं सामान्य

खराब मौसम का असर कटड़ा से संचालित हेलीकॉप्टर सेवा पर भी पड़ा और यह कुछ समय के लिए प्रभावित हुई। वहीं, बैटरी कार, रोपवे, घोड़ा-पिट्ठू और पालकी जैसी अन्य सुविधाएं सामान्य रूप से संचालित होती रहीं। इससे श्रद्धालुओं को अपनी सुविधा के अनुसार यात्रा जारी रखने में मदद मिली।

दोपहर 2 बजे तक 19 हजार श्रद्धालुओं ने कराया पंजीकरण

शनिवार दोपहर 2 बजे तक करीब 19 हजार श्रद्धालु पंजीकरण कराकर मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए रवाना हो चुके थे। कटड़ा पहुंचने वाले श्रद्धालुओं का सिलसिला लगातार जारी रहा। यात्रा मार्ग पर अपेक्षाकृत कम भीड़ होने से श्रद्धालुओं को आगे बढ़ने में सहूलियत मिली।

श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड, स्थानीय प्रशासन, पुलिस और सुरक्षा बल मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यात्रा व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं। मौसम की चुनौतियों के बीच भी श्रद्धालुओं की अटूट आस्था और माता के जयकारों से पूरा यात्रा मार्ग भक्तिमय बना हुआ है।