जम्मू मंडल में 25 सेवानिवृत्त रेलकर्मियों की दोबारा नियुक्ति, यात्री सेवाओं को मिलेगी मजबूती

जम्मू मंडल में 25 सेवानिवृत्त रेलकर्मियों की दोबारा नियुक्ति, यात्री सेवाओं को मिलेगी मजबूती

त्योहारों में भीड़ प्रबंधन, टिकटिंग और ट्रेनों के सुरक्षित संचालन में मिलेगा अनुभवी कर्मचारियों का लाभ

जम्मू। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने यात्री सुविधाओं और रेल परिचालन को बेहतर बनाने के लिए सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पुनः नियुक्ति की पहल की है। मंडल रेल प्रबंधक विवेक कुमार के मार्गदर्शन में चयन प्रक्रिया पूरी कर वाणिज्य और परिचालन विभाग में सेवानिवृत्त रेलकर्मियों को दोबारा जिम्मेदारी सौंपी गई है। मंडल के गठन के बाद यह इस तरह की बड़ी पहल है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक आरिश बंसल और वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी सीमा वी. वर्मा की समिति ने चयन प्रक्रिया पूरी की। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, वाणिज्य विभाग में 19 और परिचालन विभाग में 6 सेवानिवृत्त कर्मचारियों को दोबारा नियुक्त किया गया है।

इन अनुभवी कर्मचारियों की तैनाती से टिकटिंग, आरक्षण और यात्री शिकायतों के निस्तारण में तेजी आने की उम्मीद है। आगामी त्योहारों के दौरान स्टेशनों पर बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने में भी इनके अनुभव का लाभ मिलेगा।

वहीं, परिचालन विभाग में तैनात कर्मचारी ट्रेनों के सुरक्षित और समयबद्ध संचालन, शंटिंग प्रक्रिया तथा स्टेशन प्रबंधन को बेहतर बनाने में योगदान देंगे। दशकों का रेल अनुभव रखने वाले ये कर्मचारी वर्तमान में कार्यरत युवा कर्मचारियों का मार्गदर्शन भी करेंगे।

रेलवे के अनुसार, जम्मू मंडल यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और बेहतर रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। सेवानिवृत्त कर्मचारियों के अनुभव का उपयोग इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।