अहमदाबाद मंडल के 107 रेलवे स्टेशनों पर रेल जन संवाद, यात्रियों से लिए सुझाव

अहमदाबाद मंडल के 107 रेलवे स्टेशनों पर रेल जन संवाद, यात्रियों से लिए सुझाव

मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने यात्रियों से किया सीधा संवाद, स्वच्छता और यात्री सुविधाओं में सुधार पर जोर

अहमदाबाद। विशेष स्वच्छता अभियान 6.0 के अंतर्गत पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल में 22 अक्टूबर 2026 को 107 रेलवे स्टेशनों पर ?रेल जन संवाद? कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और यात्री सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था तथा स्टेशन विकास को लेकर सुझाव प्राप्त किए।

अहमदाबाद रेलवे स्टेशन पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने यात्रियों से बातचीत कर प्रतीक्षालय, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई और बैठने की व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। यात्रियों ने उपलब्ध सुविधाओं पर अपनी राय रखने के साथ ही सुधार के लिए कई सुझाव भी दिए।

संवाद के दौरान एक यात्री ने स्टेशन की साफ-सफाई और शौचालय व्यवस्था पर संतोष जताते हुए अलग प्रतीक्षालय बनाने की आवश्यकता बताई। वहीं, दूसरे यात्री ने प्लेटफॉर्म संख्या 3 और 4 की ओर स्वच्छता व्यवस्था बेहतर करने तथा पेयजल और हाथ धोने की सुविधाओं को अधिक सुलभ बनाने का सुझाव दिया। देर रात ट्रेन की प्रतीक्षा कर रहे यात्रियों ने वातानुकूलित प्रतीक्षालय में बैठने के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध कराने की मांग भी रखी।

मंडल रेल प्रबंधक ने स्टेशन के बाहर ऑटो चालकों से भी बातचीत की और पार्किंग व्यवस्था तथा वाहन संचालन से जुड़ी समस्याओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान एक ऑटो चालक ने बताया कि फिलहाल स्टेशन पर उसे किसी विशेष परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है। उसने साबरमती रेलवे स्टेशन पर पार्किंग सुविधा में हुए सुधार का भी उल्लेख किया।

मीडिया से बातचीत में मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने कहा कि ?रेल जन संवाद? यात्रियों और अन्य संबंधित लोगों से सीधे सुझाव प्राप्त करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। कार्यक्रम में सामने आई समस्याओं और सुझावों को प्राथमिकता के आधार पर वर्गीकृत किया जाएगा। जिन समस्याओं का तत्काल समाधान संभव है, उन पर प्राथमिकता से कार्रवाई होगी, जबकि मध्यम और दीर्घकालीन आवश्यकताओं के लिए चरणबद्ध कार्ययोजना तैयार की जाएगी। आधारभूत संरचना से जुड़े प्रस्तावों को भी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आगे बढ़ाया जाएगा।

अहमदाबाद मंडल के 39 प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर वरिष्ठ अधिकारियों ने यात्रियों से सीधे संवाद किया, जबकि अन्य स्टेशनों पर स्टेशन अधीक्षकों और स्टेशन मास्टरों ने यात्रियों से फीडबैक लिया। इसके अतिरिक्त ट्रेनों में भी यात्रियों से बातचीत कर उनकी यात्रा संबंधी समस्याओं और सुझावों की जानकारी प्राप्त की गई।

विशेष स्वच्छता अभियान 6.0 के तहत रेलवे स्टेशनों पर नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से भी जागरूकता फैलाई गई। यात्रियों और आमजन को स्वच्छता बनाए रखने, कचरे का उचित निपटान करने, ई-कचरे का समुचित प्रबंधन करने तथा रेलवे परिसरों को स्वच्छ और सुंदर रखने का संदेश दिया गया।

रेल जन संवाद के माध्यम से अहमदाबाद मंडल ने यात्रियों की भागीदारी बढ़ाने और उनके सुझावों के आधार पर रेल सेवाओं एवं यात्री सुविधाओं में सुधार करने की प्रतिबद्धता दोहराई।