प्रयागराज मंडल में ई-टिकटों के अवैध कारोबार पर आरपीएफ का शिकंजा, 17 गिरफ्तार

प्रयागराज मंडल में ई-टिकटों के अवैध कारोबार पर आरपीएफ का शिकंजा, 17 गिरफ्तार

69 ई-टिकट बरामद, 12 मामले दर्ज

प्रयागराज। रेलवे टिकटों की कालाबाजारी रोकने और वास्तविक यात्रियों को आरक्षण उपलब्ध कराने के लिए उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल में रेलवे सुरक्षा बल लगातार कार्रवाई कर रहा है। वर्ष 2026 में जनवरी से सितंबर तक चलाए गए अभियान के दौरान ई-टिकटों के अवैध कारोबार से जुड़े 12 मामले दर्ज किए गए और 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान 2.54 लाख रुपये से अधिक मूल्य के 69 ई-टिकट बरामद किए गए।

मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त दीपक कुमार आजाद के नेतृत्व में ?ऑपरेशन उपलब्ध? के तहत यह कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान अवैध टिकट कारोबार में इस्तेमाल की जा रही 18 व्यक्तिगत यूजर आईडी और एक एजेंट आईडी को भी बंद कराया गया।

सितंबर 2026 में आरपीएफ ने 3 मामले दर्ज कर 3 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। उनके पास से 39,399.30 रुपये मूल्य के 23 ई-टिकट बरामद किए गए। साथ ही अवैध गतिविधियों में इस्तेमाल की जा रही 3 व्यक्तिगत यूजर आईडी को ब्लॉक कराया गया।

रेलवे सुरक्षा बल व्यक्तिगत यूजर आईडी के दुरुपयोग और अनधिकृत रूप से टिकट बनाने वालों पर लगातार नजर रख रहा है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत माध्यमों से ही टिकट बुक करें और ई-टिकटों के अवैध कारोबार की जानकारी मिलने पर आरपीएफ को सूचित करें।