एमएलसी चुनाव में सुरक्षा व्यवस्था रहेगी कड़ी, डीएम-एसपी ने अधिकारियों को दिए निर्देश

कासगंज। 23 अक्टूबर को प्रस्तावित एमएलसी चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने की तैयारी की है। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा, जबकि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों और अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। बुधवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में जिलाधिकारी प्रणय कुमार और पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की ब्रीफिंग कर चुनाव संबंधी तैयारियों की समीक्षा की।

बैठक में जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट, क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी तथा चुनाव ड्यूटी में लगाए गए अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाए। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र के मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें और कमियों को समय रहते दूर कराएं। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया में निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया।

पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर कानून-व्यवस्था पर नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अराजक और असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखी जाए तथा किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जाए। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा मानकों के अनुरूप पुलिस बल की तैनाती और संबंधित अधिकारियों के बीच समन्वय बनाए रखने को भी कहा गया।

बैठक में सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक सूचनाओं और अफवाहों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई करें। चुनाव ड्यूटी में तैनात सभी कर्मचारियों को समय से अपने निर्धारित स्थल पर पहुंचने, अनुशासन बनाए रखने और ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन का अनावश्यक इस्तेमाल न करने की हिदायत दी गई।