कासगंज स्टेशन पर चोरी के दो मोबाइलों के साथ शातिर गिरफ्तार

कासगंज। जीआरपी ने रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक-ए पर चेकिंग के दौरान चोरी के दो मोबाइल फोन के साथ फिरोजाबाद निवासी अवनीश उर्फ कंचन को गिरफ्तार किया है। उसके पास से वीवो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल और लावा कंपनी का कीपैड फोन बरामद हुआ है। दोनों की कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी पहले भी मोबाइल चोरी के मामले में जेल जा चुका है।

जीआरपी के अनुसार, बुधवार 21 अक्टूबर को दोपहर करीब 1:20 बजे रेलवे स्टेशन कासगंज के प्लेटफार्म नंबर एक-ए पर मथुरा छोर की तरफ चेकिंग के दौरान अवनीश उर्फ कंचन को पकड़ा गया। वह फिरोजाबाद जिले के खैरगढ़ थाना क्षेत्र के कुड़ी गांव का निवासी है। तलाशी में उसके पास से चोरी के दो मोबाइल फोन बरामद हुए।

बरामद मोबाइलों के वास्तविक मालिकों का पता लगाने के लिए उनके आईएमईआई नंबरों के आधार पर सर्विलांस सेल की मदद ली जा रही है। जीआरपी ने गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना कासगंज में मुकदमा संख्या 31/2026 धारा 317(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के खिलाफ वर्ष 2022 में शिकोहाबाद थाने में चोरी के मामले में मुकदमा संख्या 122/2022 धारा 379/411 आईपीसी के तहत दर्ज हुआ था। इसके अलावा जीआरपी कासगंज में वर्ष 2026 में भी मोबाइल चोरी से संबंधित मुकदमा संख्या 15/2026 धारा 305(बी), 317(2) और 317(5) बीएनएस के तहत दर्ज है। पुलिस के मुताबिक, वह पहले भी मोबाइल चोरी के मामले में जेल जा चुका है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में जीआरपी थानाध्यक्ष कोमल कुंतल, उपनिरीक्षक विपिन कुमार, मुख्य आरक्षी राजीव कुमार, मुख्य आरक्षी सतीश कुमार, कांस्टेबल प्रहलाद सिंह और कांस्टेबल भागीरथ सिंह शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।