उत्तर मध्य रेलवे में शहीद जवानों की स्मृति में आयोजित हुई शहीद परेड, अधिकारियों ने दी श्रद्धांजलि

प्रयागराज। रेलवे सुरक्षा बल, उत्तर मध्य रेलवे की ओर से 21 अक्टूबर 2026 को क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र, सूबेदारगंज, प्रयागराज में शहीद परेड का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वर्ष 2025-26 के दौरान ड्यूटी का निर्वहन करते हुए शहीद हुए रेलवे सुरक्षा बल के सदस्यों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और बलिदान को नमन किया गया।

इस अवसर पर उत्तर मध्य रेलवे के प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त प्रदीप कुमार गुप्ता ने शहीद बल सदस्यों को श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में मुख्य सुरक्षा आयुक्त आशीष कुमार और प्रयागराज मंडल के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त दीपक कुमार आजाद सहित मुख्यालय, मंडल तथा क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र, सूबेदारगंज के अधिकारी उपस्थित रहे। इसके साथ ही रेलवे सुरक्षा बल के बड़ी संख्या में अधिकारी और जवान भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

शहीदों के सम्मान में उपस्थित अधिकारियों और जवानों ने मौन रखकर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम के माध्यम से देश और रेल यात्रियों की सुरक्षा में समर्पित रहते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले जवानों के योगदान को याद किया गया। शहीद परेड ने बल के सदस्यों को कर्तव्य के प्रति निष्ठा, साहस और समर्पण की प्रेरणा दी।