प्रशासन की निगरानी में ऊंटगन नदी के निर्धारित घाट पर हुआ दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन

सुमित गर्ग संवाददाता,

खेरागढ़। दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर प्रशासन की ओर से निर्धारित व्यवस्थाओं के तहत ऊंटगन नदी के घाट पर प्रतिमाओं का विसर्जन कराया गया। इस दौरान तहसीलदार न्यायिक अजय कुमार यादव, नायब तहसीलदार बबलेश कुमार एवं लेखपाल राहुल यादव मौजूद रहे। अधिकारियों की निगरानी में श्रद्धालुओं ने निर्धारित विसर्जन स्थल पर मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन किया।

पिछले वर्ष ऊंटगन नदी में डूबने से कुसियापुर गांव के 12 युवकों की दर्दनाक मौत की घटना को देखते हुए इस बार सुरक्षित विसर्जन को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत रही। प्रशासन द्वारा निर्धारित घाट पर विसर्जन कराए जाने का उद्देश्य श्रद्धालुओं को नदी के खतरनाक स्थानों पर जाने से रोकना और किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को कम करना रहा।

प्रशासनिक अधिकारियों ने निर्धारित स्थल पर विसर्जन व्यवस्था की निगरानी की। श्रद्धालुओं से भी अपील की गई कि वे प्रशासन द्वारा तय किए गए घाट पर ही प्रतिमाओं का विसर्जन करें और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें, ताकि धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।