सीतापुर हरदोई मार्ग पर जानलेवा गड्ढे हादसों को दे रहे न्योता , लोक निर्माण विभाग की लापरवाही मकानों में उठ रहे कंपन । 

 सीतापुर । मिश्रित तहसील मुख्यालय के अत्यंत व्यस्ततम सीतापुर-हरदोई मार्ग पर सरोजिनी मेडिकल स्टोर के ठीक सामने बना एक गहरा और बदहाल गड्ढा राहगीरों तथा स्थानीय निवासियों के लिए मुसीबत का सबब बन चुका है। तहसील मुख्यालय के इतने समीप होने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों व लोक निर्माण विभाग पीडब्ल्यूडी की आंखें बंद हैं।  
​इस मार्ग पर दिन-रात भारी वाहनों का आवागमन बना रहता है। सड़क के बीचों-बीच स्थित इस गड्ढे के कारण आए दिन दोपहिया वाहन चालक असंतुलित होकर गिर रहे हैं और चोटिल हो रहे हैं। खासकर रात के अंधेरे में अनजान वाहन चालकों के लिए यह स्थान 'डेथ ट्रैप' साबित हो रहा है। ​स्थानीय दुकानदारों व निवासियों का कहना है कि जब कोई भारी वाहन या तेज रफ्तार ट्रक इस गड्ढे से होकर गुजरता है । तो उसकी भीषण धमक से आस-पास के मकान थरथरा उठते हैं। घरों में हो रहे इस कंपन (वाइब्रेशन) से दीवारों में दरारें आने का डर बना हुआ है । जिससे आसपास के लोग मानसिक तनाव और परेशानी झेलने को मजबूर हैं। तहसील मुख्यालय के पास स्थिति इतनी जर्जर होने के बावजूद किसी भी जिम्मेदार अधिकारी या जनप्रतिनिधि ने इस ओर ध्यान देने की जहमत नहीं उठाई है। स्थानीय जनता में प्रशासन के इस ढुलमुल रवैये को लेकर भारी आक्रोश पनप रहा है।  क्षेत्रीय लोगों ने मांग की है कि इस गड्ढे की तुरंत मरम्मत कराकर मार्ग को सुचारू बनाया जाय ।