स्कूली बच्चों ने जाना पुलिस का कामकाज, थाना अध्यक्ष ने दी कानून और सुरक्षा की जानकारी

बीसलपुर : करेली कोतवाली परिसर में शैक्षणिक भ्रमण के तहत पहुंचे स्कूली बच्चों को पुलिस की कार्यप्रणाली और कानून व्यवस्था की विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान थाना अध्यक्ष विपिन शुक्ला ने बच्चों को पुलिस थाना, साइबर अपराध और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी विपिन शुक्ला ने बच्चों को थाने के विभिन्न कक्षों?जैसे मालखाना, महिला हेल्प डेस्क, लॉकअप और कंप्यूटर कक्ष का भ्रमण कराया। उन्होंने बच्चों को बताया कि पुलिस किस प्रकार अपराध नियंत्रण और जनसेवा का कार्य करती है।

*साइबर अपराध व हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी*

थाना अध्यक्ष ने बच्चों को वर्तमान समय में बढ़ रहे साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ पर्सनल डिटेल्स, ओटीपी या फोटो शेयर न करने की सलाह दी। इसके साथ ही आपातकालीन सेवाओं के लिए जरूरी हेल्पलाइन नंबर जैसे 112 (पुलिस सहायता), 1090 (महिला हेल्पलाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) और 1930 (साइबर क्राइम) के बारे में विस्तार से समझाया।

*बच्चों के सवालों के दिए जवाब*

भ्रमण के दौरान बच्चों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर काफी उत्सुकता देखी गई। बच्चों ने थाना अध्यक्ष से कई सवाल पूछे, जिनका उन्होंने बहुत ही सरलता और आत्मीयता से जवाब दिया। कोतवाल ने कहा, "पुलिस जनता की मित्र और रक्षक है। बच्चों को बिना किसी डर के अपनी समस्या पुलिस से साझा करनी चाहिए।"

इस दौरान स्कूल के शिक्षकगण और थाने के अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। स्कूल प्रबंधन ने इस ज्ञानवर्धक भ्रमण के लिए पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया।