संपूर्ण समाधान दिवस में एसडीएम कलीनगर ने समस्याओं के जल्द निस्तारण के दिए निर्देश

कलीनगर। कलीनगर तहसील में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। एसडीएम प्रमेश कुमार ने एक-एक कर शिकायतों को ध्यानपूर्वक सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समस्याओं का जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिए।
संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों ने अपनी समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया। एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान कुछ शिकायतों का मौके पर ही समाधान कराया गया, जबकि अन्य मामलों में संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

कार्यक्रम के दौरान मिशन शक्ति फेज-6 के अंतर्गत माधोटांडा थाने की महिला पुलिस टीम ने लोगों को साइबर फ्रॉड के प्रति जागरूक किया। टीम ने ऑनलाइन ठगी से बचने के उपाय बताते हुए कहा कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी या अन्य गोपनीय विवरण साझा न करें। साइबर ठगी होने पर बिना देरी किए शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई।

पुलिस टीम ने लोगों से सतर्क रहने और साइबर अपराध से संबंधित किसी भी घटना की स्थिति में तत्काल सहायता लेने की अपील की।