राष्ट्रीय ओपन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में अर्शदीप सिंह ने जीता कांस्य पदक

फिरोजपुर। फिरोजपुर मंडल के प्रतिभाशाली रेलकर्मी और खिलाड़ी अर्शदीप सिंह ने 65वीं राष्ट्रीय ओपन एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए भाला फेंक स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर मंडल का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता का आयोजन 8 से 11 अक्टूबर तक नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में किया गया।

अर्शदीप सिंह जालंधर सिटी रेलवे स्टेशन पर वरिष्ठ मुख्य वाणिज्य लिपिक/टिकट परीक्षक के पद पर कार्यरत हैं। खेल के क्षेत्र में उनकी यह उपलब्धि उनकी प्रतिभा और निरंतर मेहनत को दर्शाती है।

इससे पहले भी अर्शदीप सिंह ने कोलकाता के साल्ट लेक स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण के मैदान में आयोजित 91वीं अखिल भारतीय रेलवे एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया था।

उनकी इस उपलब्धि पर मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार ने बधाई दी। उन्होंने अर्शदीप सिंह के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वह आगे भी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से रेलवे और मंडल का गौरव बढ़ाते रहेंगे।