माता वैष्णो देवी भवन में शतचंडी महायज्ञ शुरू, पहले दिन 47,346 श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

कटरा। शारदीय नवरात्रि के पहले दिन रविवार को श्री माता वैष्णो देवी के पवित्र भवन में नौ दिवसीय शतचंडी महायज्ञ का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ हुआ। नवरात्रि के पहले दिन माता के दरबार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। इस दौरान कुल 47,346 श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में माथा टेका और आशीर्वाद प्राप्त किया।

श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की ओर से आयोजित इस महायज्ञ का उद्देश्य विश्व शांति, समृद्धि, सद्भाव और मानव कल्याण की कामना करना है। पवित्र भवन स्थित यज्ञशाला में पारंपरिक वैदिक विधि-विधान के साथ यज्ञ शुरू हुआ। यह धार्मिक अनुष्ठान नौ दिनों तक चलेगा और महानवमी के दिन पूर्णाहुति के साथ संपन्न होगा। श्रद्धालु प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक श्रद्धा एमएच वन चैनल पर यज्ञ का सीधा प्रसारण देख सकेंगे।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल एवं श्राइन बोर्ड के अध्यक्ष मनोज सिन्हा के निर्देश पर नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क घोड़ा सेवा और बैटरी कार की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके साथ ही दर्शन के लिए प्राथमिकता व्यवस्था और प्रमुख स्थानों पर सहायता केंद्र स्थापित किए गए हैं।

श्राइन बोर्ड ने श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवास, स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा, सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, पंजीकरण और परिवहन की व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। यात्रा मार्ग और भवन परिसर में चिकित्सा सेवाओं तथा आपातकालीन सहायता दलों को भी मजबूत किया गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर श्रद्धालुओं को तुरंत सहायता मिल सके।

फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजा माता का भवन

नवरात्रि के पावन अवसर पर माता वैष्णो देवी का भवन, अटका और आसपास के क्षेत्रों को देशी-विदेशी फूलों, फलों, आकर्षक स्वागत द्वारों और सजावटी पंडालों से भव्य रूप दिया गया है। पूरे भवन परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है, जिससे श्रद्धालुओं को दिव्य और आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव हो रहा है।

नवरात्रि के दौरान सुबह और शाम अटका आरती के समय प्रसिद्ध कलाकारों की ओर से भजन और भेंट प्रस्तुत किए जा रहे हैं। इससे माता के दरबार में भक्तिमय माहौल बना हुआ है।

इस अवसर पर श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सचिन कुमार वैश्य ने भवन और कटरा में श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने श्रद्धालुओं से बातचीत कर सुविधाओं की जानकारी भी ली और उपलब्ध व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। नवरात्रि के पहले ही दिन 47,346 श्रद्धालुओं के पहुंचने से माता के दरबार में भक्तों का उत्साह देखने को मिला।