जम्मू तवी स्टेशन पर रेलकर्मी की तत्परता से बची यात्री की जान, सीपीआर देकर दी राहत

जम्मू। जम्मू तवी रेलवे स्टेशन पर रेलकर्मी की तत्परता और सूझबूझ से एक यात्री की जान बचाने में मदद मिली। ट्रेन संख्या 11077 झेलम एक्सप्रेस से जम्मू तवी स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 6 और 7 पर उतरा एक यात्री अचानक हृदय संबंधी परेशानी के कारण गिर पड़ा। मौके पर मौजूद रेलकर्मी बबलू कुमार ने बिना देर किए यात्री को सीपीआर देकर प्राथमिक सहायता दी। इससे यात्री की हालत में सुधार हुआ।

बबलू कुमार जम्मू तवी स्टेशन पर विद्युत विभाग में सहायक एसी के पद पर तैनात हैं। ड्यूटी के दौरान यात्री को गिरता देख उन्होंने तुरंत मदद की और आगे के उपचार के लिए एंबुलेंस को सूचना दी। रेलवे सुरक्षा बल की सहायता से यात्री को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया।

इस सराहनीय कार्य पर जम्मू मंडल के मंडल रेल प्रबंधक विवेक कुमार ने रेलकर्मी की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि बबलू कुमार ने सूझबूझ प्राथमिक उपचार के ज्ञान और त्वरित निर्णय से यात्री की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका यह कार्य अन्य रेलकर्मियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।