दुलरवा नवतरल पटपर झांकी का भव्य आयोजन किया गया। समस्त

डेंगरापार। डौंडीलोहारा विकासखंड के ग्राम डेंगरापार में नवरात्रि के पावन अवसर पर हरदेवलाल बाबा के प्रांगण में श्री दाई के दुलरवा नवतरल पटपर झांकी का भव्य आयोजन किया गया। समस्त ग्रामवासियों के सहयोग एवं समाजसेवी जसवंत सिन्हा के विशेष योगदान से आयोजित इस कार्यक्रम में भक्तिमय माहौल देखने को मिला। आकर्षक झांकियों, माता के भजनों और जसगीतों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने विभिन्न धार्मिक प्रस्तुतियों के माध्यम से माता रानी की महिमा का गुणगान किया। आकर्षक वेशभूषा और मनमोहक झांकियों ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। हरदेवलाल बाबा के प्रांगण को विद्युत सज्जा एवं फूलों से सजाया गया था, जिससे पूरे परिसर में उत्सव का माहौल बना रहा। देर रात तक चले इस आयोजन में महिला, पुरुष, बुजुर्गों एवं बच्चों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

माता काली के दर्शन और झांकी की प्रस्तुति के दौरान श्रद्धालु भावविभोर नजर आए। पूरे आयोजन में भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस धार्मिक आयोजन के माध्यम से गांव में आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत डेंगरापार की सरपंच कलीबाई कोठारी, सरपंच हड़गहन शंकुतला बघेल, सरपंच कसहीकला ममता साहू, सरपंच अहिवन नवागांव बिरसोंहा राम कुमार, सरपंच धीना प्रणीका जैन, ग्राम प्रमुख गोविंद रावते, ग्राम बैगा ओंकार, नरोत्तम रावते, उपसरपंच डालेश्वर नागेंद्र, ग्राम प्रमुख सुखलाल विश्वकर्मा, हरदेवलाल मंदिर समिति के अध्यक्ष अवतार सिंह कंवर एवं सचिव ईश्वर साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।

आयोजन को सफल बनाने में समाजसेवी जसवंत सिन्हा, गांव के युवाओं और समस्त ग्रामवासियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। सभी के सामूहिक प्रयासों से यह धार्मिक आयोजन श्रद्धा, उल्लास और सामाजिक सद्भाव के वातावरण में संपन्न हुआ।