माता-पिता की मौत ने छीना बचपन, बहन का सहारा भी छूटा, रेलवे स्टेशन पर बेसहारा मिला 13 साल का मासूम, जीआरपी ने चाइल्ड हेल्पलाइन को सौंपा

कासगंज। कासगंज रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर शनिवार को जीआरपी को 13 वर्षीय बालक लावारिस हालत में मिला। पूछताछ में पता चला कि बालक के माता-पिता की काफी समय पहले मृत्यु हो चुकी है। उसकी देखभाल करने वाला कोई नहीं है। जीआरपी ने बालक को चाइल्ड हेल्पलाइन के प्रतिनिधि के सुपुर्द कर दिया है।

शनिवार, 10 अक्टूबर को दोपहर करीब 1:30 बजे जीआरपी पुलिस स्टेशन पर जांच कर रही थी। इसी दौरान प्लेटफॉर्म नंबर एक पर बैठा बालक मिला। बालक ने बताया कि वह कासगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव ढिलावली का रहने वाला है। माता-पिता की मृत्यु के बाद उसकी देखभाल करने वाला कोई नहीं बचा। उसकी बहन सावित्री पंजाब के लुधियाना में रहती हैं, लेकिन बालक को उनका पता मालूम नहीं है। बहन के पति की भी मृत्यु हो चुकी है, जिसके कारण वह भी उसकी देखभाल नहीं कर पा रही थीं। कानूनी अभिभावक न होने के कारण बालक गांव में इधर-उधर रहकर समय गुजार रहा था।

जीआरपी ने बालक सचिन (काल्पनिक नाम) को आवश्यक कार्रवाई के बाद चाइल्ड हेल्पलाइन कासगंज के प्रतिनिधि आयुष कुमार को सौंप दिया। अब बालक को आगे की देखभाल और सुरक्षित भविष्य के लिए बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

बालक को सकुशल बरामद करने वाली टीम में जीआरपी थानाध्यक्ष कोमल कुन्तल, हेड कांस्टेबल अवधेश कुमार और महिला हेड कांस्टेबल सोनी यादव शामिल रहे।