यात्रियों के लिए बड़ी राहत! 11 अक्टूबर से फिर दौड़ेंगी पठानकोट-जोगिंदर नगर नैरोगेज की चार जोड़ी ट्रेनें

स्लग: पठानकोट-जोगिंदर नगर रेल सेवा बहाल

यात्रियों के लिए बड़ी राहत! 11 अक्टूबर से फिर दौड़ेंगी पठानकोट-जोगिंदर नगर नैरोगेज की चार जोड़ी ट्रेनें

रेलवे ने सुरक्षा जांच के बाद लिया फैसला, सीनियर डीईएन शुभम पवार की मेहनत से तेजी से पूरा हुआ कार्य

जम्मू। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल के अंतर्गत पठानकोट-जोगिंदर नगर नैरोगेज रेलखंड पर यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। सुरक्षा मानकों की जांच पूरी होने और रेलपथ को ट्रेन संचालन के लिए सुरक्षित पाए जाने के बाद इस मार्ग पर अस्थायी रूप से बंद की गई चार जोड़ी ट्रेनों का परिचालन 11 अक्टूबर 2026 से दोबारा शुरू किया जा रहा है। इससे पठानकोट, कांगड़ा, बैजनाथ, ज्वालामुखी रोड और जोगिंदर नगर क्षेत्र के यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।

रेल प्रशासन के इस निर्णय से प्रतिदिन यात्रा करने वाले यात्रियों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और पर्यटकों को लाभ होगा। खास तौर पर नैरोगेज रेलखंड पर निर्भर लोगों के लिए यह सेवा दोबारा शुरू होना राहत भरा कदम है। ज्वालामुखी मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को भी रेल यात्रा का सुविधाजनक विकल्प मिलेगा।

चार जोड़ी ट्रेनों का परिचालन होगा बहाल

जम्मू मंडल के मंडल रेल प्रबंधक की स्वीकृति के बाद चार जोड़ी ट्रेनों को फिर से चलाने का निर्णय लिया गया है। इनमें पठानकोट - बैजनाथ पपरोला के बीच दो जोड़ी ट्रेनें शामिल हैं। गाड़ी संख्या 52465/52470 और 52467/52474 अपने निर्धारित समय और ठहराव के अनुसार संचालित होंगी।

इसके अलावा बैजनाथ पपरोला-ज्वालामुखी रोड के बीच गाड़ी संख्या 52464/52469 तथा बैजनाथ पपरोला-जोगिंदर नगर के बीच गाड़ी संख्या 52473/52472 का परिचालन भी दोबारा शुरू होगा। इससे संबंधित क्षेत्रों के बीच रेल संपर्क मजबूत होगा और यात्रियों को आवागमन में आसानी होगी।

सीनियर डीईएन शुभम पवार के प्रयासों से तेजी से पूरा हुआ कार्य

रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन सुरक्षित तरीके से बहाल करने के लिए रेलवे की ओर से आवश्यक कार्य तेजी से पूरा किया गया। इसमें सीनियर मंडल अभियंता शुभम पवार ने दिन-रात मेहनत करते हुए कार्य को जल्द पूरा कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। रेलपथ को सभी सुरक्षा मानकों पर उपयुक्त पाए जाने के बाद ही ट्रेन सेवाएं बहाल करने का निर्णय लिया गया।

रेल प्रशासन ने संबंधित स्टेशनों को ट्रेनों के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं। यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेनों के समय की पुष्टि रेलवे हेल्पलाइन 139, राष्ट्रीय ट्रेन पूछताछ प्रणाली के अनुप्रयोग या संबंधित रेलवे स्टेशन की पूछताछ खिड़की से अवश्य कर लें।

उत्तर रेलवे का जम्मू मंडल यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए रेल सेवाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।