त्योहारों पर जम्मू मंडल ने बढ़ाई ट्रेन सुविधा, कटड़ा के लिए दो और विशेष ट्रेनों का संचालन

जम्मू। त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ और माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने विशेष ट्रेनों के संचालन की संख्या बढ़ा दी है। पहले से संचालित विशेष ट्रेनों के अलावा अब नई दिल्ली?श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा?नई दिल्ली के बीच दो और आरक्षित विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाएगा।

जम्मू मंडल के अनुसार, ट्रेन संख्या 04085 10 अक्टूबर को नई दिल्ली से दोपहर 2 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 3 बजे श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04086 11 अक्टूबर को कटड़ा से सुबह 10 बजे रवाना होकर उसी रात 11:30 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।

इसी तरह ट्रेन संख्या 04485 11 अक्टूबर को नई दिल्ली से दोपहर 2 बजे रवाना होगी और 12 अक्टूबर की सुबह 3 बजे कटड़ा पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04486 12 अक्टूबर को कटड़ा से सुबह 10 बजे रवाना होकर उसी रात 11:30 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।

इन स्टेशनों पर होगा ठहराव

दोनों विशेष ट्रेनें सोनीपत, पानीपत, कुरुक्षेत्र, अंबाला कैंट, जालंधर कैंट, पठानकोट कैंट, कठुआ, जम्मू तवी और शहीद कैप्टन तुषार महाजन स्टेशनों पर ठहराव के साथ संचालित होंगी।

इन अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन से त्योहारों पर घर जाने वाले यात्रियों और माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी। अतिरिक्त ट्रेनों से यात्रियों को आरक्षित टिकट मिलने के विकल्प बढ़ेंगे और नियमित ट्रेनों पर भीड़ का दबाव कम होगा। इसके साथ ही जम्मू क्षेत्र के यात्रियों को दिल्ली के लिए अतिरिक्त सीधी रेल कनेक्टिविटी भी मिलेगी।

जम्मू मंडल द्वारा यात्रियों की मांग और भीड़ को देखते हुए नियमित ट्रेनों में भी आवश्यकता के अनुसार अस्थायी रूप से अतिरिक्त कोच जोड़े जा रहे हैं।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक जम्मू उचित सिंघल ने कहा कि यात्री सुविधा मंडल की सर्वोच्च प्राथमिकता है। त्योहारों के दौरान यात्री भीड़ की लगातार निगरानी की जा रही है। पहले संचालित विशेष ट्रेनों की तरह नई विशेष ट्रेनों से भी यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। आवश्यकता के अनुसार भीड़ वाले मार्गों पर अतिरिक्त कोच लगाने की व्यवस्था भी जारी रहेगी।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि ट्रेन के समय और संचालन से जुड़ी ताजा जानकारी के लिए रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट और राष्ट्रीय ट्रेन पूछताछ प्रणाली पर जानकारी जांच लें। आरक्षण के लिए यात्री रेलवे के आरक्षण केंद्रों या ऑनलाइन आरक्षण सुविधा का उपयोग कर सकते हैं।