पुलिस घेरे में हरदोई कलेक्ट्रेट पहुंचे सपा नेता रामज्ञान गुप्ता, घर-दुकान पर सुबह से रही कड़ी निगरानी, बोले- विपक्ष की आवाज़ दबाने के लिए पुलिस बल का किया जा रहा इस्तेमाल

हरदोई। समाजवादी पार्टी के ज्ञापन कार्यक्रम को लेकर गुरुवार सुबह शहर में पुलिस की सख्ती देखने को मिली। सपा के वरिष्ठ नेता रामज्ञान गुप्ता के आवास और दुकान के बाहर पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस की निगरानी के बीच रामज्ञान गुप्ता अपने समर्थकों के साथ बाहर निकले, लेकिन बिलग्राम चुंगी के पास राधानगर चौकी प्रभारी ने उन्हें रास्ते में रोक लिया।
बताया गया कि सपा नेता और उनके समर्थक निर्वाचन आयोग के खिलाफ ज्ञापन देने के लिए कलेक्ट्रेट की ओर जा रहे थे। रास्ते में पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद सपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच काफी देर तक बातचीत और नोकझोंक हुई। इसके बाद पुलिस ने रामज्ञान गुप्ता और उनके साथ मौजूद कार्यकर्ताओं को अपने घेरे में ले लिया। पुलिस सुरक्षा के बीच सभी को अंबेडकर पार्क तक ले जाया गया।
इस दौरान रामज्ञान गुप्ता ने पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए पुलिस बल का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समाजवादियों को इस तरह घेरे में रखना और उनके लोकतांत्रिक अधिकारों में बाधा डालना सरकार की घबराहट को दर्शाता है। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश से भाजपा की विदाई तय है।
ज्ञापन कार्यक्रम को लेकर कलेक्ट्रेट और अंबेडकर पार्क के आसपास भी पुलिस बल तैनात रहा। इस मौके पर विकास त्रिपाठी, शुभम गुप्ता, गिरीश गुप्ता, सोनू गुप्ता परसपुर, धर्मेंद्र यादव दीपू, राहुल यादव, सोनू गुप्ता, बृजेश यादव, आकाश गुप्ता, सौरव तिवारी, सत्यम यादव, नितिन यादव, केशव अवस्थी, देवेंद्र, मोहित यादव, लालू वर्मा, श्याम गुप्ता, सत्यवान त्रिपाठी, मनोज कुशवाहा, रामदत्त गुप्ता और अनुज गुप्ता समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।