ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हरदोई में कांग्रेस का प्रदर्शन, पुतला फूंका, वोट चोर गद्दी छोड़ के लगाए नारे

हरदोई। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त नेतृत्व में गुरुवार को हरदोई में जोरदार प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने 8 अक्टूबर को काला दिवस मनाते हुए तिकुनिया पार्क स्थित गांधी प्रतिमा से विरोध मार्च निकाला। मार्च सोल्जर बोर्ड चौराहा होते हुए कलेक्ट्रेट परिसर स्थित निर्वाचन आयोग कार्यालय के सामने पहुंचा, जहां कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका।
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ?वोट चोर गद्दी छोड़? और ?ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो? सहित कई नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता, जवाबदेही और मतदाता अधिकारों की रक्षा की मांग उठाई।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष विक्रम पांडे ने कहा कि चुनाव लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। चुनावी व्यवस्था से जुड़े सवालों पर पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होनी चाहिए। कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से जनता और मतदाताओं के मुद्दे उठाती रहेगी।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष अनुपम दीक्षित ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े सवालों का निष्पक्ष जवाब देने की मांग की। पूर्व जिला अध्यक्ष अजय सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध प्रत्येक नागरिक और राजनीतिक दल का अधिकार है।
ओबीसी जिला कांग्रेस अध्यक्ष अजीत विशाल नंदवंशी ने कहा कि बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी संगठन की एकजुटता को दर्शाती है। युवा कांग्रेस अध्यक्ष मोहन सिंह, अनुसूचित जाति विभाग अध्यक्ष विनीत वर्मा व प्रेम प्रकाश वर्मा ने कहा कि मतदाता अधिकारों और चुनावी पारदर्शिता को लेकर आंदोलन आगे भी चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा।
प्रदर्शन में पूर्व एमएलसी अवध कुमार सिंह बागी, सुशांत पाल, सुनीता देवी, मंजूलता मित्रा, हसन अहमद, ज्ञान प्रकाश पाल ज्ञानू समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।