दुर्गा पूजा पर यात्रियों को बड़ी राहत, इतवारी-शालीमार के बीच चलेगी पूजा स्पेशल ट्रेन

नागपुर। दुर्गा पूजा के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल ने यात्रियों के लिए विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी और शालीमार के बीच पूजा स्पेशल ट्रेन दोनों दिशाओं में तीन-तीन फेरे लगाएगी।

गाड़ी संख्या 08861 नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी-शालीमार पूजा स्पेशल 15, 22 और 29 अक्टूबर को प्रत्येक गुरुवार को इतवारी से शाम 5:10 बजे रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 2 बजे शालीमार पहुंचेगी। वहीं, गाड़ी संख्या 08862 शालीमार-नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी पूजा स्पेशल 16, 23 और 30 अक्टूबर को प्रत्येक शुक्रवार को शालीमार से शाम 6 बजे रवाना होकर अगले दिन दोपहर 3:35 बजे इतवारी पहुंचेगी।

यह विशेष ट्रेन गोंदिया, डोंगरगढ़, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर, भाटापारा, बिलासपुर, चांपा, रायगढ़, झारसुगुड़ा, राउरकेला, चक्रधरपुर, टाटानगर, खड़गपुर और संतरागाछी सहित प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी।

पूजा स्पेशल ट्रेन में कुल 20 कोच होंगे। इनमें दिव्यांग अनुकूल सह गार्ड के 2, सामान्य श्रेणी के 4, शयनयान के 10, तृतीय वातानुकूलित श्रेणी के 3 और द्वितीय वातानुकूलित श्रेणी का 1 कोच शामिल है। रेलवे के इस निर्णय से दुर्गा पूजा के दौरान यात्रियों को अतिरिक्त आवागमन सुविधा मिलने के साथ नियमित ट्रेनों में भीड़ कम करने में मदद मिलेगी।