शनिचरी अमावस्या मेले को लेकर रेलवे ने की विशेष तैयारी, कई ट्रेनों को मिला अस्थायी ठहराव

शनिश्चरा स्टेशन पर आयोजित होने वाले शनिचरी अमावस्या मेले में यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए रेल प्रशासन ने विशेष व्यवस्थाएं की हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए 9 से 11 अक्टूबर 2026 तक कई प्रमुख ट्रेनों को शनिश्चरा स्टेशन पर दो-दो मिनट का अस्थायी ठहराव दिया गया है।

ट्रेन संख्या 11903 वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-इटावा दैनिक एक्सप्रेस शाम 7:16 बजे शनिश्चरा पहुंचेगी और 7:18 बजे रवाना होगी। वापसी में ट्रेन संख्या 11904 इटावा-वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी दैनिक एक्सप्रेस सुबह 6:56 बजे पहुंचेगी और 6:58 बजे रवाना होगी।

इसी तरह ट्रेन संख्या 04169 सूबेदारगंज-इंदौर दोपहर 1:23 से 1:25 बजे तक तथा 04170 इंदौर-सूबेदारगंज सुबह 11:25 से 11:27 बजे तक शनिश्चरा स्टेशन पर रुकेगी। साप्ताहिक ट्रेन संख्या 04113 प्रयागराज जंक्शन-श्री सिद्धारूढ़ स्वामीजी हुब्बल्ली जंक्शन भी दोपहर 1:34 से 1:36 बजे तक स्टेशन पर ठहरेगी।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेनों की वास्तविक स्थिति रेलवे के आधिकारिक स्रोत 139 और राष्ट्रीय ट्रेन पूछताछ प्रणाली से अवश्य जांच लें।