समदड़ी रेलखंड के सीनियर सेक्शन इंजीनियर सुभाषचंद्र उपाध्याय बने मैन ऑफ द मंथ

जोधपुर। समदड़ी रेलखंड में उत्कृष्ट कार्य और उल्लेखनीय रेल सेवाओं के लिए सीनियर सेक्शन इंजीनियर (रेलपथ) सुभाषचंद्र उपाध्याय को मैन ऑफ द मंथ पुरस्कार से सम्मानित किया गया। मंगलवार को मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

मंडल रेल प्रबंधक ने उपाध्याय के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें अनुकरणीय बताया। उनके नेतृत्व में समदड़ी रेलखंड के विभिन्न स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं और आधारभूत व्यवस्थाओं में कई महत्वपूर्ण सुधार कार्य पूरे किए गए हैं।

तकनीकी दक्षता, कार्यकुशलता और अथक परिश्रम के चलते रेलखंड की ट्रैक गुणवत्ता तथा संरक्षा एवं सुरक्षा मानकों में भी सुधार हुआ है। कठिन परिस्थितियों में प्रभावी कार्ययोजना बनाकर कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करना उनके प्रमुख योगदानों में शामिल रहा।

इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल इंजीनियर तरुण बीका और वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिषेक गांधी भी मौजूद रहे।