पीतल ढलाई के शोर को लेकर विवाद, घर में घुसने पर पांच गिरफ्तार

मुरादाबाद। कटघर थाना क्षेत्र के पंडित नंगला में पीतल ढलाई के दौरान होने वाले शोर को लेकर विवाद के बाद पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मामले में पांचों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई है।

पुलिस के मुताबिक घटना 4 अक्टूबर की रात करीब 10:35 बजे पंडित नंगला में हुई। वादी फूल सिंह ने शिकायत में आरोप लगाया कि उसके पुत्रों को घर के अंदर बंद कर तलवार और तमंचे से हमला किया गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हुए। घटना में अजय नामक युवक के घायल होने की भी बात सामने आई।

पुलिस ने मामले में हसीन, तहसीन, खुर्शीद, निजामुद्दीन और अमरूद्दीन को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की उम्र करीब 19 से 55 वर्ष के बीच बताई गई है।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे अपने घर में पीतल की ढलाई का काम करते हैं, जिससे आवाज होती है। इसी को लेकर आसपास रहने वाले लोगों से विवाद हुआ। आरोपियों के मुताबिक घटना वाली रात राहुल, जुगेश, कपिल और अजय उन्हें काम बंद करने के लिए कहने पहुंचे थे और कहासुनी के बाद उनके घर में घुस आए। इसके बाद मारपीट हुई।

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने बताया कि घर में गैस चूल्हे पर खाना और मछली बन रही थी। इसी दौरान कपिल गिर गया, जिससे कढ़ाई का तेल नीचे फैल गया और आग लगने से वह झुलस गया। आरोपियों ने कपिल को जानबूझकर जलाने से इनकार किया है।

पुलिस ने बताया कि मामले में कोई बरामदगी नहीं हुई है और आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। पांचों की गिरफ्तारी 5 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे की गई। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।