रनिंग कर्मियों के लिए प्रयागराज लॉबी में विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे के मंडल चिकित्सालय प्रयागराज की ओर से सोमवार को राष्ट्रीय पोषण माह-2026 के तहत लॉबी प्रयागराज में रनिंग कर्मियों के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच एवं स्वास्थ्य परामर्श शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ट्रेन मैनेजर, लोको पायलट, सहायक लोको पायलट, लोको पायलट शंटिंग सहित कार्यालयीय कर्मचारियों ने स्वास्थ्य जांच कराई।

रेलवे चिकित्सालय की डायटीशियन डॉ. अर्पणा सक्सेना ने कर्मचारियों की स्वास्थ्य जांच रिपोर्ट का विश्लेषण कर उन्हें व्यक्तिगत स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी परामर्श दिया। उन्होंने रनिंग स्टाफ की व्यस्त और चुनौतीपूर्ण कार्य दिनचर्या को देखते हुए संतुलित आहार, उचित पोषण, नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया।

इस दौरान मुख्य क्रू नियंत्रक/सामान्य वासुदेव पाण्डेय ने शरीर में आंतरिक अंगों के आसपास जमा होने वाली वसा के बारे में कर्मचारियों को जानकारी दी। उन्होंने स्वास्थ्य जांच के दौरान प्राप्त आंकड़ों को समझाते हुए इसे नियंत्रित रखने के महत्व पर प्रकाश डाला।

वासुदेव पाण्डेय ने कहा कि ?स्वास्थ्य ही एकमात्र सच्चा धन है।? उन्होंने रनिंग कर्मियों से अपनी संरक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य का भी पूरी जिम्मेदारी से ध्यान रखने की अपील की।

मंडल चिकित्सालय की इस पहल का उद्देश्य रनिंग कर्मियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और उनकी कार्यक्षमता एवं समग्र स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए आवश्यक चिकित्सकीय एवं पोषण संबंधी मार्गदर्शन उपलब्ध कराना रहा।