जम्मू मंडल में बढ़ेगी सौर ऊर्जा की ताकत, 2.55 मेगावाट से अधिक होगी क्षमता

जम्मू। पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने सौर ऊर्जा के विस्तार को तेज कर दिया है। मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों और परिसरों में सौर ऊर्जा संयंत्र लगाए जा रहे हैं। वर्तमान में पांच प्रमुख डिपो में कुल 1745 किलोवाट क्षमता के सौर ऊर्जा संयंत्र संचालित हो रहे हैं।

जम्मू स्टेशन के प्लेटफॉर्म, बुकिंग कार्यालय और पार्सल घर समेत श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा स्टेशन पर स्थापित एक मेगावाट क्षमता का सौर संयंत्र भी इसमें शामिल है।

18 नए सौर संयंत्र लगाए जा रहे

जम्मू मंडल में अब 808 किलोवाट क्षमता के 18 नए सौर संयंत्र लगाए जा रहे हैं। इनके शुरू होने के बाद मंडल की कुल सौर ऊर्जा क्षमता बढ़कर 2553 किलोवाट यानी 2.55 मेगावाट से अधिक हो जाएगी।

वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता विशाल राठी ने बताया कि श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा में 450 किलोवाट क्षमता के नए संयंत्र का काम 12 सितंबर 2026 से शुरू हो चुका है, जिसे दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य है। वहीं, शहीद कैप्टन तुषार महाजन उधमपुर स्टेशन पर 358 किलोवाट क्षमता के 13 संयंत्रों का काम भी जल्द शुरू किया जाएगा।

सौर ऊर्जा के बढ़ते उपयोग से रेलवे को बिजली खर्च में हर साल लाखों रुपये की बचत होने की उम्मीद है। साथ ही कार्बन उत्सर्जन में कमी आने से पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। इससे बिजली के लिए बाहरी ग्रिड पर निर्भरता कम करने में भी मदद मिलेगी।

मंडल रेल प्रबंधक विवेक कुमार ने कहा कि जम्मू मंडल का लक्ष्य रेलवे को स्वच्छ, हरित और टिकाऊ भविष्य की ओर ले जाना है। आने वाले समय में अधिक से अधिक रेलवे परिसरों को सौर ऊर्जा से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा।