अमृतसर से पहली बार रेल मार्ग से पर्सिमोन फलों की ढुलाई, 2,180 किलो फल मंगलुरू भेजे गए

अमृतसर से पहली बार रेल मार्ग से पर्सिमोन फलों की ढुलाई, 2,180 किलो फल मंगलुरू भेजे गए

फिरोजपुर मंडल के बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट के प्रयासों से मिली नई माल ढुलाई

फिरोजपुर। रेलवे की माल परिवहन सेवाओं को बढ़ावा देने की दिशा में फिरोजपुर मंडल ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार के मार्गदर्शन में बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट के विशेष प्रयासों से अमृतसर से पहली बार पर्सिमोन फलों की रेल मार्ग से ढुलाई की गई।

4 अक्टूबर 2026 को ट्रेन संख्या 12484 अमृतसर-तिरुवनंतपुरम साप्ताहिक सुपरफास्ट एक्सप्रेस में अमृतसर रेलवे स्टेशन से पर्सिमोन फलों की पहली आउटवर्ड लोडिंग सफलतापूर्वक की गई। इस ट्रेन में 106 पैकेटों में कुल 2,180 किलोग्राम पर्सिमोन फल मंगलुरू जंक्शन के लिए भेजे गए।

फिरोजपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक/फ्रेट परमदीप सिंह सैनी ने बताया कि मंडल की विश्वसनीय और समयबद्ध माल परिवहन व्यवस्था व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। रेलवे द्वारा नए प्रकार के माल यातायात को आकर्षित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि रेल मार्ग से फल एवं अन्य माल की ढुलाई व्यापारियों के लिए सुविधाजनक होने के साथ-साथ पर्यावरण-अनुकूल परिवहन को भी बढ़ावा देती है। फिरोजपुर मंडल माल यातायात बढ़ाने और व्यापारियों को बेहतर रेल परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है।