पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा: शहीद सत्यवान सिंह का शव लेने जा रहे पुत्र समेत चार लोगों की मौत, गांव में कोहराम

रुद्रपुर संवाददाता तारकेश्वर विश्वकर्मा

सुल्तानपुर के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में सेना के जवान के इकलौते बेटे समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इस भीषण दुर्घटना के बाद से मृतक के पैतृक गांव गहिला दुधैला (उत्तर प्रदेश) में शोक की लहर दौड़ गई है और पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, रुद्रपुर निवासी सेना के जवान सत्यवान सिंह दो दिन पूर्व देश की सेवा करते हुए शहीद हो गए थे। उनका पार्थिव शरीर चंडीगढ़ से एंबुलेंस द्वारा उनके पैतृक गांव लाया जा रहा था। एंबुलेंस में शहीद जवान का शव, उनके इकलौते पुत्र गौरव सिंह, रामसमुझ सिंह (बड़े बाबू) और रुद्रपुर के सभासद राजन चौधरी सवार थे।

​रविवार सुबह करीब 8:00 बजे, जब यह एंबुलेंस अयोध्या-सुल्तानपुर बॉर्डर के पास हलियापुर थाना क्षेत्र से गुजर रही थी, तभी वह अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक भारी ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एंबुलेंस के परखच्चे उड़ गए। इस भीषण हादसे में एंबुलेंस चालक, शहीद के पुत्र गौरव सिंह और उनके दो अन्य साथियों सहित कुल चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

​घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने शहीद जवान के पार्थिव शरीर को सुरक्षित रूप से हलियापुर थाने में रखवाया है, जबकि अन्य शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

​एक ही परिवार और गांव में दोहरी त्रासदी?पहले जवान की शहादत और फिर पार्थिव शरीर ला रहे इकलौते बेटे की सड़क हादसे में मौत?ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में चूल्हा तक नहीं जला है।