महाप्रबंधक ने स्वच्छता थीम से सुसज्जित उन्नत ईएमयू रेक और डीजल लोकोमोटिव का किया निरीक्षण

मुंबई। मध्य रेल के महाप्रबंधक राजीव श्रीवास्तव ने 2 अक्टूबर को स्वच्छता पखवाड़ा-2026 एवं विशेष अभियान 6.0 के शुभारंभ के अवसर पर विभिन्न स्वच्छता गतिविधियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने महात्मा गांधी के चित्रों और स्वच्छता संदेशों से सुसज्जित दो उन्नत ईएमयू रेक तथा एक डीजल लोकोमोटिव का जायजा लिया।

प्लेटफॉर्म संख्या 2 और 3 पर खड़े ईएमयू रेक को बाहरी और आंतरिक हिस्सों में स्वच्छता संबंधी संदेशों तथा महात्मा गांधी के चित्रों से सजाया गया था। इन रेक में यात्रियों की सुविधा और यात्रा अनुभव को बेहतर बनाने के लिए कई उन्नयन किए गए हैं। इनमें आंतरिक पैनल पर फ्लीट ग्राफिक्स फिल्म, वरिष्ठ नागरिकों के लिए समर्पित कोच, आपातकालीन संचार प्रणाली, एसएस ग्रिल और खिड़कियों की सफाई-पॉलिश तथा प्रथम श्रेणी के कोचों में कुशनयुक्त मानक सीटें शामिल हैं।

महाप्रबंधक ने प्लेटफॉर्म संख्या 8 पर खड़े स्वच्छता संदेशों से सुसज्जित डीजल लोकोमोटिव का भी निरीक्षण किया। इसके साथ ही उन्होंने जनशताब्दी एक्सप्रेस के उन्नत कोचों का जायजा लिया और भारतीय रेल पर जनशताब्दी कोचों के उन्नयन से संबंधित वीडियो प्रस्तुति देखी।

इस अवसर पर ?वेस्ट टू आर्ट? विषय पर आयोजित प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया गया। मध्य रेल सांस्कृतिक अकादमी की ओर से ?स्वच्छता ही सेवा? विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसमें मुंबई मंडल तथा माटुंगा और परेल कार्यशालाओं के कलाकारों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम में अपर महाप्रबंधक एवं प्रधान मुख्य विद्युत अभियंता अनूप कुमार अग्रवाल, प्रधान मुख्य यांत्रिक अभियंता एस. के. सागर, मंडल रेल प्रबंधक मुंबई मंडल हिरेश मीणा सहित मध्य रेल के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। मध्य रेल ने यात्रियों को स्वच्छ, पर्यावरण अनुकूल और बेहतर यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराई।