फिरोजपुर मंडल में स्वच्छता अभियान के तहत संयुक्त श्रमदान, अधिकारियों और कर्मचारियों ने दिया स्वच्छता का संदेश

फिरोजपुर। स्वच्छता के प्रति रेलकर्मियों एवं आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से फिरोजपुर मंडल में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक ?स्वच्छता ही सेवा? अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 1 अक्टूबर से स्वच्छता पखवाड़ा 2026 का शुभारंभ किया गया, जो 31 अक्टूबर तक जारी रहेगा।

स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत गुरुवार को ?एक दिन, एक घंटा, एक साथ? कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सुबह 8 बजे फिरोजपुर मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों, यार्ड, रेलवे कॉलोनियों, रेलवे सुरक्षा बल की बैरकों और रेलवे ट्रैक के आसपास के क्षेत्रों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से श्रमदान किया। अमृतसर, फिरोजपुर कैंट, लुधियाना, जालंधर सिटी, जालंधर कैंट, फगवाड़ा, फिल्लौर और ढंडारी कलां रेलवे स्टेशनों पर वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की गईं।

अभियान के दौरान स्टेशन परिसरों और आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई के साथ-साथ सौंदर्यीकरण पर भी विशेष ध्यान दिया गया। बड़ी संख्या में रेलवे अधिकारियों, कर्मचारियों, स्काउट-गाइड और विभिन्न गैर सरकारी संगठनों के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक श्रमदान में हिस्सा लिया। इस दौरान स्वच्छता को लेकर लोगों को जागरूक करने के लिए पोस्टर, बैनर, पर्चे और उद्घोषणा प्रणाली का भी उपयोग किया गया।

रेल यात्रियों को ?मेरी सीट, मेरा डिब्बा? थीम के माध्यम से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। यात्रियों से अपील की गई कि वे कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालें और रेलवे परिसर को साफ रखने में रेलवे प्रशासन का सहयोग करें।

मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार के नेतृत्व में अमृतसर रेलवे स्टेशन और सर्कुलेटिंग क्षेत्र में 100 से अधिक अधिकारियों, कर्मचारियों तथा स्काउट-गाइड के सदस्यों ने संयुक्त श्रमदान किया। मंडल रेल प्रबंधक ने स्वयं स्वच्छता अभियान में भाग लेते हुए कर्मचारियों और आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखकर इसे दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाना चाहिए। स्वच्छ वातावरण स्वस्थ जीवन के साथ-साथ सकारात्मक ऊर्जा का भी संचार करता है। उन्होंने सभी रेलकर्मियों, यात्रियों और आमजन से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय योगदान देने की अपील की।