लोको शेड बिलासपुर में 38 संविदा कर्मचारियों की स्वास्थ्य जांच

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल के लोको शेड में लोको हेल्थ यूनिट बिलासपुर की ओर से चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य संविदा कर्मचारियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ उन्हें बीमारियों से बचाव और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा।

शिविर में कर्मचारियों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार, नियमित दिनचर्या और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के महत्व की जानकारी दी गई। इसके साथ ही परिवार के बेहतर स्वास्थ्य, बच्चों की जिम्मेदार परवरिश, उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास तथा मोबाइल और डिजिटल उपकरणों के अत्यधिक उपयोग को नियंत्रित करने के संबंध में भी जागरूक किया गया।

शिविर के दौरान कुल 38 संविदा कर्मचारियों के स्वास्थ्य की व्यापक जांच की गई। इसमें शारीरिक माप, शरीर द्रव्यमान सूचकांक, रक्तचाप और आकस्मिक रक्त शर्करा की जांच की गई। सभी कर्मचारियों को टेटनस का टीका भी लगाया गया।

इसके अलावा एनीमिया की पहचान के लिए चिकित्सकीय जांच और सामान्य स्वास्थ्य का मूल्यांकन किया गया। जांच के बाद कर्मचारियों को खान-पान में सुधार, नियमित दिनचर्या अपनाने और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियां बरतने के लिए प्रेरित किया गया।

शिविर में डॉ. शशांक सहित चिकित्सा विभाग के निरीक्षकों और कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। रेलवे प्रशासन की इस पहल से संविदा कर्मचारियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।