दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में राजभाषा पखवाड़ा का समापन, विजेताओं को किया सम्मानित

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मुख्यालय, बिलासपुर में 14 से 28 सितंबर तक आयोजित राजभाषा पखवाड़ा-2026 का सोमवार को समापन हुआ। इस अवसर पर पुरस्कार वितरण समारोह के साथ क्षेत्रीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति, बिलासपुर की 78वीं बैठक भी आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने की।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक बिजय कुमार ने महाप्रबंधक, विभागाध्यक्षों और मंडलों एवं कारखानों से आए सदस्यों के स्वागत के साथ की। इसके बाद महाप्रबंधक कार्यालय स्थित रवीन्द्रनाथ टैगोर केंद्रीय पुस्तकालय को आधुनिक बनाने और पाठकों को ऑनलाइन पठन-पाठन की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 10 किंडल उपकरणों का विमोचन महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने किया।

राजभाषा पखवाड़े के दौरान राजभाषा नीति एवं संवैधानिक प्रावधानों पर हिंदी कार्यशाला, राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की जयंती एवं राजभाषा संगोष्ठी, यूनिकोड सक्रियण एवं टेबल प्रशिक्षण सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके साथ ही हिंदी निबंध, हिंदी टिप्पण आलेखन, हिंदी वाक्, स्वरचित हिंदी काव्य पाठ, गीत गायन और हिंदी पुस्तक समीक्षा जैसी प्रतियोगिताएं भी हुईं।

इन प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय, तृतीय और प्रेरणा स्थान प्राप्त करने वाले रेलवे मुख्यालय के 20 तथा नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, बिलासपुर के 16 पुरस्कार विजेता अधिकारियों एवं कर्मचारियों को महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने सम्मानित किया।

समारोह में क्षेत्रीय रेल हिंदी नाट्योत्सव-2026 के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया। नागपुर मंडल के नाटक ?धड़ीचा? ने प्रथम, प्रधान कार्यालय के ?अविघ्नेया? ने द्वितीय, रायपुर मंडल के ?तृष्णा? ने तृतीय और बिलासपुर मंडल के ?वापसी? ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। क्षेत्रीय रेल हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता-2026 के तीन विजेता कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।

इसके बाद क्षेत्रीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति की 78वीं बैठक में जून 2026 को समाप्त तिमाही के दौरान राजभाषा प्रगति से संबंधित विभिन्न आंकड़े प्रस्तुत किए गए। सदस्यों ने राजभाषा के कार्यान्वयन और हिंदी के प्रयोग को बढ़ाने से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की।

महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने राजभाषा नीति के उल्लेखनीय कार्य-निष्पादन के लिए नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, रायपुर को वर्ष 2025-26 में उत्कृष्ट श्रेणी में सम्मानित किए जाने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से रेलवे और बिलासपुर नगर के केंद्रीय कार्यालयों में हिंदी के प्रयोग और प्रसार में लगातार वृद्धि हो रही है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से प्रत्येक स्तर पर हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए सकारात्मक कदम उठाने का आह्वान किया।

मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक बिजय कुमार ने कहा कि वार्षिक कार्यक्रम 2026-27 के निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों और कर्मचारियों को सरकारी कामकाज हिंदी में करने के लिए नियमित रूप से प्रोत्साहित किया जा रहा है।

कार्यक्रम के अंत में प्रधान मुख्य सामग्री प्रबंधक अरविन्द्र कुमार मेश्राम ने अपनी स्वरचित कविता ?छोटा सा एक गीत लिखूं? का पाठ किया। बैठक का संचालन बिजय कुमार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन राजभाषा अधिकारी एवं समिति के सचिव पीताम्बर लाल जाटवर ने किया।