जालंधर गुड्स शेड में फूड वेन, उचित दरों पर मिलेगा खाना-जलपान

जालंधर सिटी गुड्स शेड में फूड वेन की सुविधा, मजदूरों और व्यापारियों को मिलेगा लाभ

फिरोजपुर मंडल ने जालंधर सिटी गुड्स शेड में कार्यरत मजदूरों, व्यापारियों और रोड ट्रांसपोर्टरों के लिए महत्वपूर्ण पहल की है। मंडल द्वारा ई-नीलामी प्रक्रिया के माध्यम से गुड्स शेड में फूड वेन के संचालन का अनुबंध पांच वर्षों के लिए सफलतापूर्वक आवंटित किया गया है।

फूड वेन शुरू होने से गुड्स शेड में काम करने वाले लोगों को कार्यस्थल पर ही उचित दरों पर भोजन और जलपान की सुविधा मिल सकेगी। इससे उन्हें खाने-पीने के लिए गुड्स शेड से बाहर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। भोजन के लिए बाहर जाने में लगने वाला समय बचने से माल की लोडिंग और अनलोडिंग का काम भी निर्धारित समय में पूरा करने में मदद मिलेगी।

इस सुविधा से रेक के अनावश्यक ठहराव को कम करने और रेक टर्न में सुधार लाने में भी मदद मिलने की उम्मीद है। वहीं, रेलवे से जुड़े विभिन्न हितधारकों को कार्यस्थल पर ही बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।

फिरोजपुर मंडल की ओर से ई-नीलामी प्रणाली के माध्यम से पारदर्शिता को बढ़ावा देने के साथ गैर-किराया राजस्व में वृद्धि की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं। फूड वेन की यह पहल रेलवे की आय बढ़ाने के साथ-साथ गुड्स शेड से जुड़े लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।