जहांगीरगंज में कल 50 जोड़े लेंगे सात फेरे

आलापुर (अंबेडकरनगर)। विकासखंड जहाँगीरगंज के आदित्य मैरिज हाल में शुक्रवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन होगा। शासन की महत्वाकांक्षी योजना के तहत विभिन्न जातियों के करीब 50 जोड़ों का विवाह कराया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर ब्लॉक प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।

समाज कल्याण विभाग के सहायक विकास अधिकारी चंद्रभूषण ने बताया कि दोनों नगर पंचायत क्षेत्रों से पांच-पांच जोड़ों का विवाह प्रस्तावित है। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों से करीब 50 जोड़े सामूहिक विवाह समारोह में शामिल होंगे। सभी चयनित जोड़ों और उनके परिजनों को कार्यक्रम की सूचना दे दी गई है।

खंड विकास अधिकारी सत्यप्रकाश पांडेय, एडीओ पंचायत अखिलेश कुमार गोंड समेत ब्लॉक के अन्य कर्मचारी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। अचानक कार्यक्रम घोषित होने के बावजूद कर्मचारियों ने आयोजन की आवश्यक व्यवस्थाएं लगभग पूरी कर ली हैं। निर्धारित समय पर कार्यक्रम संपन्न कराने के लिए अधिकारी लगातार तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं।