महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने लखौली-रायपुर रेलखंड का किया संरक्षा निरीक्षण

रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश ने शुक्रवार को रायपुर मंडल के लखौली-रायपुर रेलखंड का संरक्षा निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रेल संरक्षा, परिचालन व्यवस्था, स्टेशन पुनर्विकास, अमृत भारत स्टेशन योजना के कार्यों और यात्री सुविधाओं की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों में उच्च गुणवत्ता और संरक्षा मानकों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

निरीक्षण की शुरुआत लखौली स्टेशन से हुई। महाप्रबंधक ने स्टेशन एवं यार्ड, रेल लाइन, रिले कक्ष, आईपीएस कक्ष, बैटरी कक्ष, कर्व, अनुरक्षक डेटा लॉगर कक्ष, पैदल ऊपरी पुल तथा कोल्हान नदी पर बने रेल पुल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से संरक्षा व्यवस्था तथा अनुरक्षण कार्यों की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इसके बाद नवा रायपुर स्टेशन पर ट्रेन परिचालन से जुड़े विषयों की समीक्षा की गई। मंदिर हसौद स्टेशन पर कॉलोनी, समपार फाटक और इंजीनियरिंग गेट का निरीक्षण करने के साथ अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे पुनर्विकास कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया गया। महाप्रबंधक ने कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

महाप्रबंधक ने रायपुर स्थित डीजल लोको शेड में नए आधारभूत ढांचे और विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित सुविधाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए गुणवत्ता और संरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने को कहा। इसके अलावा रायपुर मंडल के नियंत्रण कक्ष में पहुंचकर ट्रेन परिचालन की निगरानी व्यवस्था और आधुनिक तकनीक के उपयोग की जानकारी ली।

रायपुर स्टेशन पर चल रहे बड़े पुनर्विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। महाप्रबंधक ने विभिन्न विकास कार्यों का अवलोकन कर अधिकारियों से वर्तमान प्रगति और आगामी कार्ययोजना की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान विभिन्न रेल कर्मचारी यूनियनों ने कर्मचारियों की सुविधाओं एवं हितों से संबंधित ज्ञापन भी सौंपे। महाप्रबंधक ने संबंधित विषयों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों से चर्चा की।

निरीक्षण के दौरान बिलासपुर मुख्यालय के प्रधान विभागाध्यक्ष एवं मुख्य अधिकारी, मंडल रेल प्रबंधक रायपुर श्री दयानंद सहित रायपुर मंडल के वरिष्ठ अधिकारी, शाखाधिकारी एवं पर्यवेक्षक मौजूद रहे।