स्पेशल ट्रेन अब नियमित चलेगी, खड़की-दहर का बालाजी के बीच साप्ताहिक सुपरफास्ट एक्सप्रेस शुरू

मुंबई। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मध्य रेल ने खड़की-दहर का बालाजी-खड़की स्पेशल ट्रेन को अब नियमित साप्ताहिक सुपरफास्ट एक्सप्रेस के रूप में संचालित करने का निर्णय लिया है। इसके तहत स्पेशल ट्रेन संख्या 01407/01408 को अब नियमित ट्रेन संख्या 20105/20106 के रूप में चलाया जाएगा।

ट्रेन संख्या 20105 खड़की-दहर का बालाजी साप्ताहिक सुपरफास्ट एक्सप्रेस अपनी नियमित सेवा 11 अक्टूबर 2026 से शुरू करेगी। यह ट्रेन प्रत्येक रविवार को खड़की से सुबह 9:45 बजे रवाना होकर अगले दिन सोमवार को सुबह 8:50 बजे दहर का बालाजी पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन संख्या 20106 दहर का बालाजी-खड़की साप्ताहिक सुपरफास्ट एक्सप्रेस 12 अक्टूबर 2026 से नियमित रूप से चलेगी। यह ट्रेन प्रत्येक सोमवार को दहर का बालाजी से दोपहर 12 बजे रवाना होकर अगले दिन मंगलवार को सुबह 9:55 बजे खड़की पहुंचेगी।

ट्रेन का ठहराव लोनावला, कल्याण, वसई रोड, पालघर, वापी, वलसाड, सूरत, अंकलेश्वर, वडोदरा, रतलाम, नागदा, भवानी मंडी, रामगंज मंडी, कोटा, सवाई माधोपुर, दुर्गापुरा और जयपुर स्टेशनों पर होगा।

ट्रेन में एक वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी, तीन वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, छह शयनयान श्रेणी, चार सामान्य द्वितीय श्रेणी, एक द्वितीय श्रेणी सह गार्ड ब्रेक यान और एक जनरेटर कार सहित कुल 16 डिब्बे होंगे।

ट्रेन संख्या 20105 के लिए आरक्षण 25 सितंबर 2026 से सभी यात्री आरक्षण प्रणाली केंद्रों और आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर शुरू होगा। अनारक्षित डिब्बों में यात्रा के लिए सामान्य शुल्क पर टिकट यूटीएस प्रणाली के माध्यम से बुक किए जा सकेंगे। यात्री टिकट बुकिंग के लिए रेलवन ऐप का भी उपयोग कर सकेंगे।

मध्य रेल के इस निर्णय से खड़की, राजस्थान और मार्ग के विभिन्न शहरों के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को नियमित साप्ताहिक रेल सेवा का लाभ मिलेगा।