झांसी में 141वें प्रबंधन विकास कार्यक्रम का सफल आयोजन

झांसी। उत्तर मध्य रेलवे के पर्यवेक्षक प्रशिक्षण केंद्र, झांसी में 14 से 18 सितंबर तक 141वें प्रबंधन विकास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य रेल पर्यवेक्षकों की प्रबंधकीय दक्षताओं, कार्यकुशलता और व्यावसायिक कौशल को विकसित करना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ 14 सितंबर को रेलवे बोर्ड के निदेशक (बिजनेस एंड डेवलपमेंट) जितेंद्र कुमार, पर्यवेक्षक प्रशिक्षण केंद्र के प्रधानाचार्य कौशल किशोर तथा उप महाप्रबंधक (सा.) अतुल कुमार मिश्रा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

प्रशिक्षण के दौरान नेतृत्व, कार्यशाला प्रबंधन, श्रम संहिता एवं डीएंडआर, निविदा एवं अनुबंध, रेलवे सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, स्वास्थ्य प्रबंधन, वित्त प्रबंधन, वाणिज्यिक प्रबंधन, ऊर्जा संरक्षण एवं विद्युत सुरक्षा तथा साइबर सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों ने व्याख्यान दिए। प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को आधुनिक कार्यशैली और प्रबंधकीय जिम्मेदारियों से जुड़े व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी गई।

16 सितंबर को ?डिजिटल युग में हिंदी का महत्व? विषय पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसके अलावा सभी प्रतिभागियों को ओरछा स्थित रामराजा मंदिर एवं किले तथा झांसी किले का भ्रमण कराया गया।

18 सितंबर को कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त अनुभव और सीख साझा की। प्रतिभागियों ने कार्यक्रम को प्रबंधकीय दक्षताओं के विकास, नई कार्यशैली को समझने और कार्यक्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए उपयोगी बताया। अधिकारियों ने प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान और कौशल को कार्यक्षेत्र में प्रभावी रूप से लागू करने तथा सकारात्मक नेतृत्व, टीम भावना, अनुशासन और निरंतर सीखने की भावना के साथ संगठन की कार्यक्षमता बढ़ाने का संदेश दिया।

मुख्य अतिथि अपर मंडल रेल प्रबंधक, झांसी नंदीश शुक्ला ने निबंध प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार के रूप में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक प्रदान किए। इसके साथ ही दो सांत्वना पुरस्कार भी नगद राशि के साथ दिए गए। विशिष्ट अतिथि मुख्य कारखाना प्रबंधक, कारखाना, झांसी अजय श्रीवास्तव ने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र और प्रशिक्षण की स्मृति के रूप में समूह फोटोग्राफ प्रदान किए।

141वें प्रबंधन विकास कार्यक्रम में उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय प्रयागराज, झांसी और आगरा मंडल के साथ झांसी एवं सिथौली कारखानों से आए पर्यवेक्षकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य रेलवे में मानव संसाधन के निरंतर विकास, क्षमता निर्माण और प्रबंधकीय दक्षताओं को मजबूत करना रहा।

कार्यक्रम का आयोजन वरिष्ठ उप महाप्रबंधक उत्तर मध्य रेलवे विनीत कुमार श्रीवास्तव के मार्गदर्शन तथा उप महाप्रबंधक (सा.) अतुल कुमार मिश्रा और सहायक उप महाप्रबंधक प्रयागराज सुनील कुमार गुप्त के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में मुख्य कार्य अध्ययन निरीक्षक मनदीप कुमार, कार्य अध्ययन निरीक्षक मिथलेश कुमार, दिवाकर गुप्ता, कुमार गौरव, विशाल कुमार और राम प्रकाश सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा।