निरंकारी संत समागम के लिए भोडवाल माजरी स्टेशन पर 50 ट्रेनों का अस्थायी ठहराव

अम्बाला। 79वें वार्षिक अंतर्राष्ट्रीय निरंकारी संत समागम में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए रेलवे ने भोडवाल माजरी स्टेशन पर 50 ट्रेनों को अस्थायी ठहराव देने का निर्णय लिया है। इन ट्रेनों का ठहराव 20 सितंबर से 31 अक्टूबर 2026 तक रहेगा।

रेलवे के अनुसार सभी चिन्हित ट्रेनों को भोडवाल माजरी स्टेशन पर दो मिनट का ठहराव दिया जाएगा। इससे संत समागम में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

अस्थायी ठहराव पाने वाली ट्रेनों में छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस-अमृतसर एक्सप्रेस, अमृतसर-छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस एक्सप्रेस, पुणे-जम्मू तवी झेलम एक्सप्रेस, जम्मू तवी-पुणे झेलम एक्सप्रेस, खजुराहो-कुरुक्षेत्र एक्सप्रेस, केरला संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, नेताजी एक्सप्रेस, गोवा संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, स्वराज एक्सप्रेस, सर्वोदय एक्सप्रेस, सचखंड एक्सप्रेस, मालवा एक्सप्रेस, पश्चिम एक्सप्रेस, ऊंचाहार एक्सप्रेस, आम्रपाली एक्सप्रेस, जम्मू मेल, हीराकुंड एक्सप्रेस, शहीद कैप्टन तुषार महाजन सुपरफास्ट एक्सप्रेस, साईं नगर शिरडी-कालका सुपरफास्ट एक्सप्रेस, यशवंतपुर-चंडीगढ़ सुपरफास्ट एक्सप्रेस और नांदेड़-अम्ब अंदौरा सुपरफास्ट एक्सप्रेस समेत अन्य ट्रेनें शामिल हैं।

रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेनों के अद्यतन समय और ठहराव की जानकारी रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 अथवा एनटीईएस के माध्यम से जांचने की अपील की है।