मोहर छठी पर बटेश्वर के रानी घाट पर उमड़ी महिला श्रद्धालुओं की भीड़

बटेश्वर। मोहर छठी के पावन पर्व पर बुधवार को तीर्थ नगरी बटेश्वर के रानी घाट पर महिला श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। महिलाएं अपनी-अपनी टोलियों के साथ मंगल गीत गाते और नाचते हुए यमुना मैया में मोहर विसर्जन के लिए पहुंचीं। उन्होंने विधि-विधान से मोहर, मंडप और छेकुरिया की लकड़ी की पूजा-अर्चना की। विवाहित महिलाओं ने जीवनसाथी की दीर्घायु और सुख-समृद्धि के लिए मोक्षदायिनी यमुना मैया से आशीर्वाद मांगा। इसके बाद गोरा पार्वती मंदिर में श्रृंगार और चुनरी चढ़ाकर पूजा-अर्चना की। मंदिर के मुख्य पुजारी जयप्रकाश गोस्वामी बताया कि नवविवाहित दंपती मोहर और मोहरी की पूजा के लिए बटेश्वर पहुंचते हैं। यहां मां गोरा पार्वती और ब्रह्मलाल महादेव की पूजा-अर्चना कर सुखी दांपत्य जीवन के लिए आशीर्वाद मांगा जाता है। मंदिर पर पुलिस बल नजर नही आया। मन्दिर प्रबंधक अजय भदौरिया ने स्थानीय गोताखोर को घाटों पर घाटों पर तैनात किए। मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों से श्रद्धालुओं की सुरक्षा और अराजक तत्वों पर नजर रखी गई।