चार गुना मुआवजे की मांग को लेकर डूब प्रभावित किसानों का धरना प्रदर्शन

सुठालिया/राजगढ़। सुठालिया सिंचाई परियोजना से प्रभावित किसानों एवं डूब क्षेत्र के ग्रामीणों ने मंगलवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन एवं भूख हड़ताल की। दोपहर 1 बजे बड़ी संख्या में डूब प्रभावित किसान सुठालिया मऊ चौराहा स्थित जिन ग्राउंड में एकत्रित हुए और रैली के रूप में धरना स्थल पहुंचकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज उठाई।किसानों ने चार गुना मुआवजा, 18 वर्ष पूर्ण कर चुके डूब प्रभावित सदस्यों को वयस्क मानकर पुनर्वास का लाभ देने, मकान-कुएं-ट्यूबवेल एवं अन्य परिसंपत्तियों का मुआवजा देने तथा छूटे हुए मकानों व प्रभावित गांवों को डूब क्षेत्र में शामिल करने सहित 9 सूत्रीय मांगें रखीं।किसानों ने कहा कि लंबे समय से मांगों के निराकरण की मांग की जा रही है, लेकिन अपेक्षित समाधान नहीं होने के कारण आंदोलन करना पड़ा। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर मांगों का शीघ्र निराकरण करने की मांग की।