खेरागढ़-सैंया क्षेत्र में बिजली चोरी के खिलाफ अभियान, 10 के खिलाफ एफआईआर

पत्रकार सुमित गर्ग,

खेरागढ़/सैंया। शासन के निर्देश पर हाई लॉस फीडर एवं हाई लॉस वाले गांवों में विद्युत चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार और शुक्रवार को सैंया थाना क्षेत्र के ग्राम हुलसपुरा, कंचनपुर तेहरा, हिरोड़ा एवं भाकर में विद्युत चोरी की जांच की गई। चेकिंग के दौरान हुलसपुरा में सोनू, सूरज, मनोज तथा कंचनपुर तेहरा में राम विनोद को विद्युत चोरी करते पकड़ा गया। वहीं ग्राम भाकर में कमलेश शर्मा, कम्बोद शर्मा, पूरन चंद एवं राजेश्वर प्रसाद को भी विद्युत चोरी करते पाया गया।

विभाग के अनुसार कुल 10 लोगों के खिलाफ भारतीय विद्युत अधिनियम-2003 की धारा 135 के तहत विद्युत चोरी निरोधक थाना कमला नगर, आगरा में एफआईआर दर्ज कराई गई है। सभी आरोपितों के विरुद्ध जुर्माने की कार्रवाई भी की जा रही है।

चेकिंग अभियान में एसडीओ अरविंद कुमार, जेई विजय कुमार, जेई विकास विश्वकर्मा, टीजी-2 धर्मेंद्र कल्याण, प्रवीण सारस्वत, गणेश त्यागी, अवधेश, श्यामवीर, भानु प्रताप, सोना आदि शामिल रहे।

एसडीओ खेरागढ़ ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप हाई लॉस फीडर वाले गांवों में नियमित रूप से विद्युत चोरी की चेकिंग और रेड की जा रही है। इसका उद्देश्य लाइन लॉस कम करने के साथ राजस्व वसूली में वृद्धि करना है। प्रभावी कार्रवाई के लिए हाई लॉस वाले क्षेत्रों में पुलिस बल उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए जा रहे हैं, ताकि अभियान के दौरान किसी प्रकार का अनावश्यक व्यवधान न हो।

उन्होंने बताया कि खेरागढ़ क्षेत्र में 11 केवी तहसील फीडर और 11 केवी पहाड़ी फीडर, सैंया में 11 केवी सैंया फीडर तथा लादूखेड़ा में 11 केवी लादूखेड़ा फीडर को हाई लॉस फीडर के रूप में चिन्हित किया गया है। इनके अलावा अन्य हाई लॉस वाले गांवों में भी विद्युत चोरी के खिलाफ रेड के आदेश दिए जा रहे हैं।

विद्युत चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए शाम सात बजे और सुबह चार बजे भी चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग की विशेष नजर ऐसे उपभोक्ताओं पर है, जो बिजली चोरी कर एसी आदि विद्युत उपकरणों का इस्तेमाल कर रहे हैं।