मां वैष्णो देवी के दरबार पहुंचीं पूर्व आईएएस दिव्या मित्तल, बोलीं- ‘आगे राह कठिन है, साहस देना मां’

कटड़ा। उत्तर प्रदेश कैडर की पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने इस्तीफा देने के बाद मां वैष्णो देवी के दरबार में पहुंचकर दर्शन किए। 12 सितंबर को उन्होंने अपनी यात्रा का भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया और मां के प्रति आभार व्यक्त करते हुए एक कविता भी लिखी।

दिव्या मित्तल ने वीडियो के साथ लिखा कि ?मां वैष्णो देवी के अलौकिक दर्शन का परम सौभाग्य प्राप्त हुआ।? इसके साथ ही उन्होंने मां से आगे की राह पर सही निर्णय लेने की बुद्धि और कठिन परिस्थितियों में साहस देने की प्रार्थना की।

उन्होंने अपनी कविता में लिखा, ?मां, बिन मांगे तूने सब दिया, मैं तेरे चरणों में चढ़ाऊं क्या? बस अपना आभार चढ़ाती हूं, भर आई आंखों की अश्रुधार चढ़ाती हूं।? उन्होंने आगे मां से सद्बुद्धि देने और सही-गलत का अंतर समझने की शक्ति मांगी। साथ ही सही रास्ते पर लगातार चलते रहने का साहस और हर दुखी व्यक्ति में मां का स्वरूप देखने वाली नजर देने की प्रार्थना की। कविता के अंत में उन्होंने ?जय माता दी? लिखा।

30 अगस्त को दिया था इस्तीफा

दिव्या मित्तल 2013 बैच की आईएएस अधिकारी हैं। उन्होंने 30 अगस्त 2026 को अपने पद से इस्तीफा दिया था। इस्तीफे की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से साझा करते हुए उन्होंने कहा था कि वह अपने 13 साल के अविस्मरणीय प्रशासनिक सफर को अपनी इच्छा से विराम दे रही हैं।

आईआईटी दिल्ली और आईआईएम बेंगलुरु से पढ़ाई करने के बाद लंदन में नौकरी कर चुकीं दिव्या मित्तल ने यूपीएससी परीक्षा पास कर आईएएस की सेवा में प्रवेश किया था। करीब दो साल तक देवरिया की जिलाधिकारी रहने के बाद उनका तबादला उत्तर प्रदेश सरकार के राजस्व विभाग में विशेष सचिव के पद पर हुआ था। उन्होंने 6 मई 2026 को इस पद का कार्यभार संभाला था।

राजनीति में जाने की अटकलों पर भी दिया था जवाब

इस्तीफे के बाद दिव्या मित्तल के राजनीति में आने की चर्चाएं भी तेज हुई थीं। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया था कि इस्तीफे का फैसला अचानक या किसी दबाव में नहीं लिया गया है। उन्होंने काफी सोच-विचार के बाद यह निर्णय लिया है। साथ ही उन्होंने कहा था कि फिलहाल राजनीति में जाने का उनका कोई इरादा नहीं है।

अब इस्तीफे के बाद मां वैष्णो देवी के दर्शन और उनकी भावुक कविता सोशल मीडिया पर चर्चा में है। उनके संदेश में आगे की राह को लेकर आत्ममंथन, विश्वास और मां से मार्गदर्शन की प्रार्थना साफ नजर आ रही है।

https://www.instagram.com/reel/DdLYg4cyWHc/?stkn=MXZqd2NjOTZuZTQwag==