हरदोई में विकास के दावों के बीच पानी में निकला जनाजा, वैष्णो नगर में जलभराव से बदहाल हालात, मौके पर पहुंचे सपा नेता रामज्ञान गुप्ता ने उठाए सवाल

हरदोई। शहर से सटे वैष्णो नगर में लंबे समय से जारी जलभराव की समस्या अब गंभीर रूप लेती जा रही है। पिछले एक महीने से अधिक समय से गलियों में पानी भरा होने के कारण लोगों को कीचड़, गंदगी और दुर्गंध के बीच आवागमन करना पड़ रहा है। इसी बीच सामने आए एक वीडियो ने इलाके की बदहाल व्यवस्था की तस्वीर सामने ला दी। वीडियो में लोग जलभराव के बीच जनाजा लेकर गुजरते दिखाई दे रहे हैं।
बताया गया कि शाकिर कुरैशी की माता जैबुन कुरैशी (65) का निधन हो गया। घर से जनाजा निकलने के दौरान रास्ते में जलभराव होने के कारण लोगों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा। शहर से सटे इलाके में बुनियादी सुविधाओं और जलनिकासी व्यवस्था को लेकर सामने आई इस तस्वीर ने व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सपा नेता रामज्ञान गुप्ता ने बताया कि वैष्णो नगर में जलभराव की समस्या को लेकर स्थानीय लोग काफी समय से आवाज उठा रहे हैं। उनके स्तर से भी समस्या को लगातार उठाया गया और इसे लेकर खबरें प्रकाशित हुईं। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते जलनिकासी की व्यवस्था कर दी जाती तो लोगों को इस तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता।
रामज्ञान गुप्ता ने कहा कि जब शहर से सटे मोहल्ले के लोग महीनों से जलभराव झेल रहे हों और जनाजा भी पानी के बीच से होकर ले जाना पड़े, तो विकास और बुनियादी सुविधाओं के दावों की वास्तविक स्थिति पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
इस दौरान धर्मेंद्र यादव दीपू, अवनीश यादव, शुभम गुप्ता, आकाश गुप्ता, रणधीर बहादुर राजवंशी, विवेक गौतम आदि मौजूद रहे।