22 वर्षीय विवाहिता ने फंदे से लटककर दी जान, परिवार में मचा कोहराम

22 वर्षीय विवाहिता ने फंदे से लटककर दी जान, परिवार में मचा कोहराम

खैरीघाट/बहराइच। थाना खैरीघाट क्षेत्र के अरनवा गांव के खालेपुरवा मजरे में बुधवार-गुरुवार की रात 22 वर्षीय विवाहिता ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। गुरुवार सुबह परिजनों की नजर टीनशेड के कमरे में दुपट्टे के सहारे लटके शव पर पड़ी तो घर में चीख-पुकार मच गई।

मृतका की पहचान सुशीला पत्नी सोनलाल गौतम के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, गुरुवार सुबह सुशीला कमरे में नहीं मिली तो उसकी तलाश शुरू की गई। इसी दौरान टीनशेड के कमरे में उसका शव फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी होते ही आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए।

सूचना पर खैरीघाट पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसकी मदद से घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

करीब तीन साल पहले हुई थी शादी

परिजनों के मुताबिक सुशीला की शादी करीब तीन वर्ष पहले हुई थी। वह अरनवा ग्राम पंचायत के खालेपुरवा यानी भंडारीपुरवा की रहने वाली थी। विवाहिता की अचानक मौत से मायके और ससुराल पक्ष के लोगों में शोक का माहौल है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौत के पीछे के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।