अहमदाबाद मंडल ने एक दिन में 91 रेक लोड कर बनाया नया रिकॉर्ड

अहमदाबाद मंडल ने एक दिन में 91 रेक लोड कर बनाया नया रिकॉर्ड

3847 वैगन की लोडिंग के साथ चार दिन में अपने पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा

अहमदाबाद। पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल ने माल लदान के क्षेत्र में नया रिकॉर्ड कायम किया है। मंडल ने 9 सितंबर 2026 को एक ही दिन में 91 रेक में 3847 वैगन लोड किए। यह अहमदाबाद मंडल के परिचालन इतिहास में एक दिन में की गई अब तक की सर्वश्रेष्ठ लोडिंग है।

इससे पहले 5 सितंबर को मंडल ने एक दिन में 85 रेक यानी 3580 वैगन लोड करने का रिकॉर्ड बनाया था। महज चार दिनों में अपने ही रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए मंडल ने माल परिवहन के क्षेत्र में अपनी कार्यकुशलता और बेहतर समन्वय का प्रदर्शन किया है।

मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश के नेतृत्व में हासिल की गई इस उपलब्धि में अधिकारियों और कर्मचारियों के बेहतर तालमेल, सतर्कता, कार्यकुशलता और समर्पण की अहम भूमिका रही।

9 सितंबर को मंडल ने एक दिन में 28 जम्बो रेक लोड किए, जो अब तक का सर्वाधिक आंकड़ा है। इसके अलावा 47 कंटेनर रेक लोड किए गए, जिनमें 23 डबल-स्टैक कंटेनर रेक शामिल रहे। इससे उपलब्ध माल ढुलाई क्षमता के अधिकतम और प्रभावी उपयोग का पता चलता है।

कृषि क्षेत्र में उर्वरकों की समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए 19 उर्वरक रेक भी लोड किए गए। वहीं संबंधित क्षेत्रों की मांग पूरी करने के लिए 8 नमक रेक लोड कर रवाना किए गए।

लगातार नए लोडिंग रिकॉर्ड स्थापित करना अहमदाबाद मंडल की परिचालन क्षमता, संसाधनों के बेहतर उपयोग और माल परिवहन सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। यह उपलब्धि पश्चिम रेलवे के माल ढुलाई प्रदर्शन को भी मजबूती प्रदान करेगी।

मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने इस उपलब्धि पर मंडल के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता पूरी टीम के सामूहिक प्रयास, बेहतर समन्वय और निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिणाम है। मंडल भविष्य में भी इसी कार्यकुशलता और समर्पण के साथ माल लदान के क्षेत्र में नए मानक स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है।