दीवाली से पहले मुरादाबाद में अग्निशमन विभाग अलर्ट, पटाखा दुकानों और गोदामों का सघन निरीक्षण

दीवाली से पहले मुरादाबाद में अग्निशमन विभाग अलर्ट, पटाखा दुकानों और गोदामों का सघन निरीक्षण

एसएसपी सतपाल अंतिल के निर्देश पर सुरक्षा मानकों की जांच, दुकानदारों को दिए जरूरी दिशा-निर्देश

मुरादाबाद। दीपावली के त्योहार को देखते हुए मुरादाबाद में पुलिस प्रशासन और अग्निशमन विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कमर कस ली है। एसएसपी सतपाल अंतिल के निर्देश पर जिलेभर में पटाखों की दुकानों और गोदामों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। इस दौरान अग्निशमन सुरक्षा मानकों की जांच के साथ दुकानदारों और संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जा रहे हैं।

अग्निशमन विभाग की टीम यह सुनिश्चित कर रही है कि आतिशबाजी की दुकानों और भंडारण स्थलों पर आग से बचाव के सभी जरूरी इंतजाम मौजूद हों। निरीक्षण के दौरान अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य मानकों की जांच की जा रही है।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय और अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा के नेतृत्व में विभागीय टीमें जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में आतिशबाजी की दुकानों एवं गोदामों का निरीक्षण कर रही हैं। अधिकारियों ने दुकानदारों को सुरक्षा नियमों का पूरी तरह पालन करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए हैं।

अग्निशमन विभाग का कहना है कि दीपावली के दौरान आगजनी की घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा मानकों का पालन और सतर्कता बेहद जरूरी है। निरीक्षण अभियान त्योहार तक लगातार जारी रहेगा, ताकि लोग सुरक्षित माहौल में दीपावली का पर्व मना सकें।