निर्देशक दुश्यंत प्रताप सिंह ने दी स्व. पुरुषोत्तम त्रिपुरी को भावुक श्रद्धांजलि

बॉलीवुड निर्देशक दुश्यंत प्रताप सिंह ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा कर स्वर्गीय श्री पुरुषोत्तम त्रिपुरी को श्रद्धांजलि दी है। अपनी पोस्ट में उन्होंने उन्हें अभिभावक, मित्र और मार्गदर्शक बताते हुए उनके साथ बिताए पलों को याद किया।

स्व. पुरुषोत्तम त्रिपुरी प्रधान आयकर आयुक्त, मध्यप्रदेश/छत्तीसगढ़ के पद पर रहे थे। दुश्यंत प्रताप सिंह ने लिखा कि उनके जीवन में त्रिपुरी का स्थान बहुत खास था और वह स्वयं को सौभाग्यशाली मानते हैं कि उन्हें उनका सानिध्य मिला।

निर्देशक ने अपने संदेश में कहा कि ऊंचे पद पर रहने के बावजूद स्व. त्रिपुरी के स्वभाव में कभी अहंकार नहीं था। उनके अनुसार, वह हमेशा लोगों की मदद के लिए आगे रहते थे और अपने व्यवहार से सभी का दिल जीतते थे।

पोस्ट में दुश्यंत प्रताप सिंह ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए लिखा कि उन्हें अब भी विश्वास नहीं हो रहा कि वह उनके बीच नहीं हैं। उन्होंने साथ की यात्राओं, सैकड़ों यादों और तस्वीरों का जिक्र करते हुए कहा कि ये पल जीवनभर उनके लिए जीवंत रहेंगे।

उन्होंने भावुक शब्दों में लिखा कि अभी बहुत से गीत उन्हें सुनाने बाकी थे और उनका यूं चले जाना बेहद पीड़ादायक है। दुश्यंत प्रताप सिंह ने महादेव से प्रार्थना की कि स्वर्ग में भी उनके ?सर? का ख्याल रखा जाए।

पोस्ट के अंत में निर्देशक ने उम्मीद जताई कि जब उनकी अपनी जीवन-यात्रा पूरी होगी, तब उन्हें अपने प्रिय मार्गदर्शक से फिर मिलने का अवसर मिलेगा। उनकी यह श्रद्धांजलि एक गहरे आत्मीय रिश्ते और सम्मान की तस्वीर पेश करती है।